'परिसीमन विधेयक किसी एक पार्टी के लिए नहीं, देश के लिए है', भाजपा नेताओं ने की विपक्ष से समर्थन की मांग
नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने विपक्षी दलों से परिसीमन विधेयक पर समर्थन की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह विधेयक किसी एक पार्टी को फायदा पहुंचाने के लिए नहीं है, बल्कि इससे देश को फायदा होगा। साथ ही, भाजपा नेता ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया।
परिसीमन विधेयक पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "सरकार ने सभी के साथ बातचीत की है और उस बातचीत के बाद एक अच्छा विधेयक पेश किया जा रहा है, जिसे कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। मुझे पूरी उम्मीद है कि विपक्षी दलों के लोग इसे ध्यान से पढ़ेंगे और इसका समर्थन करेंगे।"
उन्होंने कहा कि यह विधेयक किसी एक पार्टी को फायदा पहुंचाने के लिए नहीं है, बल्कि इससे देश को फायदा होगा। इसे लेकर किसी विवाद या बहस की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि इसमें सभी की भावनाओं का ध्यान रखा गया है।
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि पिछले साढ़े बारह वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'रिफॉर्म, ट्रांसफॉर्म और परफॉर्म' के जरिए सामाजिक जरूरतों और संवैधानिक प्रतिबद्धताओं को ध्यान में रखते हुए हर क्षेत्र में बेहतरीन सुधार किए हैं। अफसोस की बात है कि कुछ लोग हर सुधार पर राजनीतिक हमले कर रहे हैं। समस्या सिर्फ कांग्रेस पार्टी के साथ ही नहीं है।"
इस दौरान, मुख्तार अब्बास नकवी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। नकवी ने कहा कि विपक्ष के अन्य लोगों को भी यह सोचना चाहिए कि क्या उनके नेता विपक्ष के लिए एक संपत्ति साबित हो रहे हैं या एक बोझ। क्या वे विपक्ष के लिए मददगार साबित हो रहे हैं या फिर उसे नुकसान पहुंचाने वाली ताकत हैं।"
उन्होंने कहा, "विपक्ष को यह तय करना होगा कि नेता प्रतिपक्ष उनके लिए मुसीबत हैं या मजबूती। अभी यह दिखाई पड़ रहा है कि नेता प्रतिपक्ष विपक्ष के नेता एक बोझ बनते जा रहे हैं। वे अपने साथ-साथ पूरे विपक्ष का बंटाधार करने में लगे हुए हैं।"
परिसीमन विधेयक पर भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने आईएएनएस से कहा, "जो भी हो, चूंकि मैं संसद में नहीं हूं, इसलिए मैं यह नहीं कह सकती कि कौन सी पार्टी इसका समर्थन करेगी। निश्चित रूप से सभी पार्टियां इसे स्वीकार कर लेंगी, क्योंकि इसमें सभी जरूरी बदलाव कर दिए गए हैं।"
--आईएएनएस
डीसीएच/

