Samachar Nama
×

परिसीमन विधेयक का विरोध जारी रहेगा, विपक्ष का केंद्र सरकार पर निशाना

परिसीमन विधेयक का विरोध जारी रहेगा, विपक्ष का केंद्र सरकार पर निशाना
परिसीमन विधेयक का विरोध जारी रहेगा, विपक्ष का केंद्र सरकार पर निशाना

नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से बुलाया गया है। इस सत्र में परिसीमन विधेयक के साथ महिला आरक्षण को लेकर पूरी तस्वीर साफ हो सकती है। इसी बीच, विपक्षी दलों ने दावा किया है कि हमारा विरोध था, है और आगे भी रहेगा।

सपा नेता अबू आजमी ने कहा कि एक बार पार्लियामेंट में महिला बिल पास हो चुका है। उस पर चर्चा हो चुकी है। इन्होंने उसे लागू नहीं किया। उन्हें उसी वक्त लागू करना चाहिए था, लेकिन इन्होंने कहा था कि इसे 2029 में लागू करेंगे। दोबारा इस बिल को लाने की कोई आवश्यकता नहीं है। इस बिल की आड़ में ये जो डीलिमिटेशन बिल ला रहे हैं, उसके जरिए ये लोग ऐसी सीटें बनाना चाहते हैं कि आने वाले दिनों में सिर्फ और सिर्फ भाजपा चुनकर आए और सारी पार्टियां खत्म हो जाएं। सिर्फ एक ही पार्टी का राज रहे। इसके पीछे यही राज है। मैं तमाम पार्टियों के लोगों से कहता हूं कि आप सब लोग इस बिल का खुलकर विरोध करें। जब तक सारी विपक्षी पार्टियां एक साथ बैठकर इस बिल के विरोध में नहीं आ जातीं, तब तक मेरा मानना है कि लोगों को इसका विरोध करना चाहिए। यहां तक कि भाजपा के लोग भी, जो भाजपा के साथ हैं, उन्हें भी सोचना चाहिए कि कल उनका भी भविष्य अंधकार में आ सकता है।

एनसीपी-एसपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नसीम सिद्दीकी ने कहा कि इस बिल के बारे में अलग-अलग विरोधाभास हैं। क्योंकि डीलिमिटेशन बिल को महिला बिल के साथ जोड़ा जा रहा है, जो उचित नहीं है। महिला रिजर्वेशन के लिए किसी का विरोध नहीं है। उसको हम सब लोगों ने मिलकर 33 प्रतिशत के रूप में पास किया है। जहां तक परिसीमन बिल का सवाल है तो उसमें अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं। इंडिया ब्लॉक चाहता है कि इस बिल का विरोध हो।

सपा नेता एसटी हसन ने कहा कि यह विधेयक पहले भी गिर गया था और पास नहीं हो पाया था। अब वे इसे फिर से ला रहे हैं, शायद कुछ पार्टियों को अपने पक्ष में करने के बाद, लेकिन हम परिसीमन विधेयक का पूरी तरह से विरोध करते हैं। परिसीमन पूरी सहमति के साथ होना चाहिए। पहले इसके लिए उचित आधार तैयार किया जाना चाहिए और जब परिसीमन हो, तो सभी दलों को मिलकर काम करना चाहिए और एक आम सहमति बनानी चाहिए। जिस तरह से उन्होंने कुछ राज्यों में परिसीमन किया,विपक्ष के वोटों को बांटकर और विपक्ष को कमजोर करके, वह चिंता का विषय है।

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामजी लाल सुमन ने कहा कि ये जो बिल ला रहे हैं, हम लोग उसका विरोध करेंगे।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

Share this story