परिसीमन पर भाजपा आक्रामक, बोली-जनता को गुमराह कर रहा है विपक्ष
नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। परिसीमन विधेयक को लेकर देश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। इंडी गठबंधन की बैठक के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए गठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठाए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को अधिकार और राजनीतिक भागीदारी दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है।
भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने परिसीमन विधेयक पर इंडी गठबंधन की बैठक को लेकर विपक्षी एकता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अगर इंडी गठबंधन के प्रमुख नेता ही बैठक में मौजूद नहीं थे, तो इसे एक उचित और प्रभावी बैठक नहीं कहा जा सकता। बैठक में डीएमके की अनुपस्थिति और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के प्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी प्रमुख घटक दलों की भागीदारी दिखाई नहीं दी।
राहुल सिन्हा ने कहा कि जब गठबंधन के सभी दल एक मंच पर मौजूद नहीं हैं, तो ऐसी बैठक करने का क्या औचित्य है? इस बैठक में इंडी गठबंधन के भीतर मौजूद मतभेदों और आपसी फूट को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन में एकजुटता की कमी से यह संकेत मिलता है कि परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्ष प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने की स्थिति में नहीं है।
उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन एक बार फिर आंतरिक मतभेदों का सामना कर रहा है और उसके सभी घटक दल एकमत नहीं हैं।
वहीं, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। वह महिलाओं के अधिकारों और उनके सम्मान को लेकर लगातार प्रयास करते रहते हैं। प्रधानमंत्री जो कहते हैं, उसे पूरा करने के लिए प्रयास भी करते हैं।
परिसीमन विधेयक का समर्थन करते हुए अपर्णा यादव ने कहा कि इस विधेयक से महिलाओं को काफी लाभ मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी विधेयक के बारे में पढ़ा है और उन्हें इसमें महिलाओं के हितों को नुकसान पहुंचाने वाली कोई बात नजर नहीं आती। ऐसे में विपक्षी दल इसका विरोध क्यों कर रहे हैं, यह समझ से परे है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। विपक्ष के ऐसे प्रयासों से कोई फायदा नहीं होने वाला है। अपर्णा यादव ने महिला सशक्तिकरण के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें अधिकार दिलाने के लिए प्रधानमंत्री लगातार काम कर रहे हैं।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने भी परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा महिलाओं के अधिकारों और उनके हितों के बारे में सोचते हैं। परिसीमन विधेयक के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
धर्मवीर प्रजापति ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की रैलियों पर भी तंज कसा। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और प्रदेश में कराए जा रहे विकास कार्यों को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी

