Samachar Nama
×

परिसीमन के जरिए लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश, विपक्ष को होना होगा एकजुट : राजेश ठाकुर

परिसीमन के जरिए लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश, विपक्ष को होना होगा एकजुट : राजेश ठाकुर
परिसीमन के जरिए लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश, विपक्ष को होना होगा एकजुट : राजेश ठाकुर

रांची, 29 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग और परिसीमन बिल को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि परिसीमन के माध्यम से लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे रोकने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होना होगा।

राजेश ठाकुर ने कहा, "जिस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, उससे हमें लगता है कि कहीं न कहीं जागरूकता में अब भी कमी है। हम गति की होड़ में आ जाते हैं और कहीं न कहीं यह भूल जाते हैं कि हमारे साथ कितनी जिंदगियां जुड़ी हुई हैं। क्या हुआ, कैसे हुआ, यह तो कोई नहीं जानता, लेकिन इससे सबक तो सीखना ही चाहिए कि जब भी कोई गाड़ी चलाए, तो अपनी सीमा में रहकर चलाए।"

उन्होंने कहा कि जिन तमाम परिवारों के सदस्यों का निधन हुआ है, उनके प्रति मैं पूरी संवेदना व्यक्त करता हूं और सभी लोगों से यही अपील करता हूं कि जब भी गाड़ी चलाएं, तो पूरी सावधानी के साथ चलाएं।

राजेश ठाकुर ने कहा कि हम समझते हैं कि यह चुनाव आयोग का मामला है। इतने दिनों तक चुनाव आयोग क्या करता रहा, यह समझ से परे है। यह सिर्फ राजनीति से प्रेरित बातें हैं। चुनाव आयोग पहले ही कह चुका है कि नागरिकता और मतदाता सूची का कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है और न ही मतदाता पहचान पत्र को नागरिकता का प्रमाण माना जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस तरह की कवायद चलती रहेगी, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी को देश के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ऐसी चीजें करनी पड़ती हैं। कहीं न कहीं इसमें शासन का तंत्र भी शामिल हो जाता है। ऐसी बातें चलती रहती हैं, लेकिन इसका कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ता। आपने देखा होगा कि राहुल गांधी के खिलाफ भी इसी तरह के अनेक मामले चलाए जाते रहे हैं, लेकिन उनका परिणाम शून्य रहा है। इसलिए हमें नहीं लगता कि इस बात को इतना महत्व देने की आवश्यकता है। इस तरह की कवायद भारतीय जनता पार्टी के लोग लगातार करते रहते हैं और आगे भी करते रहेंगे।

परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा कि देश का लोकतंत्र खतरे में है। कल राहुल गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जो कुछ हो रहा है, वह 'मर्डर ऑफ डेमोक्रेसी' है। यदि लोकतंत्र या जम्हूरियत की हत्या हो रही है तो उससे पहले हम लोगों का कर्तव्य है कि देश को आगाह करें।

उन्होंने कहा कि हम अनुरोध भी कर रहे हैं, क्योंकि ये समान विचारधारा वाली पार्टियां हैं और उनसे आग्रह किया जा सकता है। राहुल गांधी ने स्पष्ट शब्दों में विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष के सहयोगी दलों से भी अपील की है कि वे समझें कि किस प्रकार परिसीमन के माध्यम से लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास किया जा रहा है और इसे रोकने की आवश्यकता है।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ज्ञानेश कुमार पर हजारों आरोप लगाए जाते रहे हैं, उन्हीं को परिसीमन का दायित्व दिया जाए और उन्हीं के चयनित लोगों को उसकी जिम्मेदारी सौंपी जाए, तो यह उचित नहीं लगता। इसी बात को समझाने के लिए हमारा नेतृत्व प्रयास कर रहा है कि शरद पवार से भी बात हो, एमके स्टालिन से भी बात हो और अन्य सहयोगी दलों से भी बातचीत चल रही है। हम समझते हैं कि सभी लोग एकजुट होकर इस परिसीमन का विरोध करेंगे, जो कहीं न कहीं देश के हित में नहीं है।

--आईएएनएस

केके/वीसी

Share this story