Samachar Nama
×

परिसीमन और महिला आरक्षण राष्ट्रहित में, विपक्ष को आत्ममंथन करना चाहिए : भाजपा

परिसीमन और महिला आरक्षण राष्ट्रहित में, विपक्ष को आत्ममंथन करना चाहिए : भाजपा
परिसीमन और महिला आरक्षण राष्ट्रहित में, विपक्ष को आत्ममंथन करना चाहिए : भाजपा

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयकों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी सांसद अजित माधवराव गोपचड़े ने राहुल गांधी के बयानों को बचकाना बताया। वहीं पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने वोट चोरी के आरोप पर राहुल गांधी से सोनिया गांधी की नागरिकता और वोटर बनने को लेकर सवाल पूछे और अखिलेश यादव को परिसीमन पर स्पष्ट रुख अपनाने की चुनौती दी।

परिसीमन विधेयक को लेकर इंडी गठबंधन के नेताओं के डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से मिलने पर भाजपा सांसद अजित माधवराव गोपचड़े ने कहा, "जो लोग राष्ट्रवादी हैं, देशभक्त हैं और हिंदुस्तान, हमारे भारत के कल्याण के लिए वास्तव में चिंतित हैं, वे राष्ट्र के लिए एनडीए सरकार के प्रयासों में शामिल हो रहे हैं, क्योंकि ये पहल राष्ट्रहित और 'नारी शक्ति' के हित में हैं। पहले एक सांसद 26 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करता था, हालांकि, इस परिसीमन के बाद सांसदों की संख्या बढ़कर 850 होने पर प्रत्येक सांसद 10 लाख, 15 लाख या 20 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करेगा।"

उन्होंने कहा कि इससे बड़ी संख्या में नागरिकों को लाभ होगा और हमारी महिलाओं, हमारी 'नारी शक्ति' को सशक्त बनाया जाएगा। नतीजतन, ये लोग इंडी गठबंधन से दूर होकर एनडीए में शामिल हो रहे हैं, क्योंकि उन्हें समझ आ गया है कि सच्चा राष्ट्रहित कहां है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयकों पर दिए गए बयानों पर भाजपा सांसद अजित माधवराव गोपचड़े ने कहा कि वे बचकाने बयान देने में माहिर हैं। स्टालिन एक परिपक्व नेता हैं, लेकिन राहुल गांधी, आपको कुछ आत्ममंथन करना चाहिए। आपकी मां आपको आगे लाईं, इस उम्मीद के साथ कि आप इस देश के सच्चे बेटे बनेंगे, फिर भी आप देश को समझ नहीं पाते। हम किसी भी तरह की तानाशाही की ओर नहीं बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आपकी दादी ने ही तानाशाहीपूर्ण शासन चलाया था। उन्होंने कानून और संविधान को दरकिनार कर देश में आपातकाल लगाया था। उनके समय में दमन का अभियान चलाया गया।

पूर्व मंत्री और प्रयागराज शहर पश्चिम के विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि वोट चोरी क्या है? यह एक गंभीर आरोप है। राहुल गांधी तो रोज चिल्ला रहे हैं। मैं राहुल गांधी से सीधा पूछना चाहता हूं कि 1980 में आपकी मां सोनिया गांधी भारत की नागरिक नहीं थीं और भारत का नागरिक ही वोट डाल सकता है तो वे वोटर कैसे बनीं? 1983 में वे वोटर बनीं और नागरिक भी बनीं। तो उसके पहले वे कैसे वोट डाल रही थीं? यह वोट चोरी है या नहीं? घुसपैठियों को रोकने का तरीका है या नहीं, इसी बात पर तो हमारी लड़ाई चल रही है कि भारत का नागरिक ही वोट डाल सकता है।

परिसीमन पर अखिलेश यादव की टिप्पणी को लेकर उन्होंने कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि इस विषय पर वे स्पष्ट रुख क्यों नहीं अपनाते। अखिलेश यादव को तकलीफ क्या है? पेट में दर्द क्यों हो रहा है? अगर भाजपा का नुकसान हो रहा है, तो आपको तकलीफ क्या है? आपको तो खुश होना चाहिए। अगर हम परिसीमन करवा रहे हैं और यह हमारी गलती है, जैसा आप कह रहे हैं तो आप हमारा समर्थन कीजिए। कहिए कि 'आप और गलती कीजिए।' कृपया संसद में इस बिल को समर्थन दीजिए।

भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी परिसीमन और महिला आरक्षण बिल के विरोधी क्यों हैं? इसका जवाब देश की जनता जानना चाहती है। वो एक गैर-जिम्मेदार विपक्ष के नेता हैं। जो विपक्ष का धर्म है, वह भी नहीं निभा पा रहे हैं। अपने गठबंधन को बचा लें, अपने गठबंधन के साथियों को संभाल लें, यही बहुत है। कांग्रेस पार्टी के सांसद भी देशहित में लाए गए इस बिल का समर्थन करेंगे और राहुल गांधी नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। राहुल गांधी के प्रति जनता का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कई ऐसी पार्टियां हैं, जिन्हें राहुल गांधी अपने गठबंधन का हिस्सा समझ रहे हैं, लेकिन इस ऐतिहासिक बिल पर वे एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सदन में खड़ी दिखाई देंगी। कल (30 नवंबर ) जब सत्र शुरू होगा, तो राहुल गांधी को पता चल जाएगा कि देशहित में लिए गए फैसले पर उनकी बात उनके सांसद और उनके गठबंधन के लोग भी नहीं मानेंगे।

--आईएएनएस

केके/वीसी

Share this story

Tags