परीक्षाआों में पारदर्शिता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, तकनीक का हो रहा व्यापक उपयोग: गजेंद्र सिंह शेखावत
जोधपुर/बीकानेर, 20 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि नीट परीक्षा में पारदर्शिता लाना सरकार की प्राथमिकता है और सरकार उसी को लाने पर काम कर रही है, रविवार को देशभर में शांतिपूर्वक परीक्षा आयोजित कराई जाएगी।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि सभी परीक्षाएं पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप आयोजित हों। परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सरकार आधुनिक तकनीक और उपलब्ध संसाधनों का व्यापक स्तर पर उपयोग कर रही है।
नीट की दोबारा परीक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर शेखावत ने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान निष्पक्ष और विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने पर है। उन्होंने कहा कि तकनीकी साधनों की मदद से परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि इस विषय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी लगातार नजर बनी हुई है। शेखावत ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा जताया कि परीक्षाएं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न होंगी।
वहीं, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल ने पत्रकारों से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कोटा दौरे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब छात्र अपनी परीक्षाओं और तैयारी में व्यस्त थे, तब ऐसे संवेदनशील समय में राजनीतिक दौरा उचित नहीं था। राहुल गांधी अराजकता की भाषा बोलते हैं, जबकि देश के नागरिक परिपक्व हैं और उन्हें विश्वास है कि देश सुरक्षित हाथों में है। राहुल गांधी को कोटा जाकर इस तरह राजनीति नहीं करना चाहिए था, बल्कि विद्यार्थियों को पढ़ाई करने देना चाहिए था।
उन्होंने कहा कि देश भर में नीट की परीक्षाएं पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप आयोजित होंगी। इस पर लोग राजनीति करना बंद कर दें, इससे कुछ मिलने वाला नहीं है। विद्यार्थी अपनी तैयारी कर रहे हैं और कुछ लोगों की गलती की वजह से इसको खराब नहीं किया जाना चाहिए, पिछले बार जिस तरह से काम हुआ था, उसे रोकने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

