परीक्षा सुधार के कैबिनेट के फैसलों पर कांग्रेस नेताओं ने सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात कर जताया आभार
रांची, 18 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित कांग्रेस के मंत्री और विधायकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर परीक्षा सुधार को लेकर कैबिनेट की विशेष बैठक में लिए गए फैसलों के लिए उनका आभार जताया।
कांग्रेस नेताओं ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान 17 अगस्त को झारखंड मंत्रालय में हुई कैबिनेट की विशेष बैठक में छात्र और अभ्यर्थियों के हित में लिए गए फैसलों पर चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने सरकार के फैसलों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि टीडीपीएल द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने सहित अन्य फैसले विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन फैसलों से प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी और उनके भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता दूर होगी।
मुलाकात के बाद मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए ‘कठोर फैसले’ के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने छात्रों से जो वादे किए हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाए, इस पर भी मुख्यमंत्री के साथ विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस नेताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड के युवाओं और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना है। युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निर्णय लेती रही है और आगे भी लेती रहेगी। बैठक में राज्य में चल रही विकास योजनाओं, जनहित और छात्र कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुलाकात के दौरान मंत्री इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह और शिल्पी नेहा तिर्की के अलावा विधायक कल्पना सोरेन, रामेश्वर उरांव, प्रदीप यादव, कुमार जयमंगल, राजेश कच्छप, रामचंद्र सिंह, नमन विक्सल कोंगाड़ी, भूषण बाड़ा और ममता देवी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

