Samachar Nama
×

परमवीर चक्र विजेता निर्मलजीत सिंह सेखों की जयंती पर लोकसभा अध्यक्ष सहित कई नेताओं ने किया याद और दी श्रद्धांजलि

परमवीर चक्र विजेता निर्मलजीत सिंह सेखों की जयंती पर लोकसभा अध्यक्ष सहित कई नेताओं ने किया याद और दी श्रद्धांजलि
परमवीर चक्र विजेता निर्मलजीत सिंह सेखों की जयंती पर लोकसभा अध्यक्ष सहित कई नेताओं ने किया याद और दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। 1971 के भारत-पाक युद्ध के अमर वीर, परमवीर चक्र से सम्मानित फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों को उनकी जयंती पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने एक्स पर लिखा, "वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध के अद्वितीय वीर, भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और सर्वोच्च बलिदान के प्रतीक, परमवीर चक्र से अलंकृत फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। मात्र 26 वर्ष की आयु में उन्होंने शत्रु के अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों का निर्भीकता से सामना किया और अंतिम क्षण तक लड़ते हुए मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। राष्ट्र के प्रति उनका अटूट समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा, साहस और कर्तव्यपरायणता की प्रेरणा देता रहेगा।"

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने एक्स पर पोस्ट किया, "1971 के युद्ध में पाकिस्तान के फाइटर प्लेन को ध्वस्त कर मां भारती की विजय का मार्ग प्रशस्त करने वाले परमवीर चक्र विजेता, फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों की जयंती पर सादर नमन अर्पित करता हूँ! राष्ट्र गौरव व स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर देने वाले वीर सपूत की गौरव गाथा सदैव देश को गौरवान्वित करती रहेगी।"

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा, "1971 के युद्ध में पाकिस्तान के फाइटर प्लेन को ध्वस्त कर भारत की विजय का मार्ग प्रशस्त करने वाले परमवीर चक्र से सम्मानित, फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन करता हूं! आपके शौर्य, साहस व पराक्रम की गौरव गाथा सदैव युवाओं को मातृभूमि की सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।"

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा, "अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और सर्वोच्च राष्ट्रभक्ति के प्रतीक, परमवीर चक्र से सम्मानित वीर योद्धा फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। मातृभूमि की रक्षा हेतु उनका अद्वितीय बलिदान और शौर्य सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा एवं कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।"

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर पोस्ट किया, "परमवीर चक्र से सम्मानित, 1971 के भारत-पाक युद्ध के अमर वीर फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन! मातृभूमि की रक्षा के लिए उनका अदम्य शौर्य, अटूट राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक भारतवासी के लिए प्रेरणास्रोत है।"

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, "1971 के भारत-पाक युद्ध में अदम्य शौर्य एवं साहस के परिचायक अमर बलिदानी परमवीर चक्र से अलंकृत फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों की जयंती पर कोटिशः नमन। राष्ट्र के प्रति आपका अतुलनीय समर्पण, अद्वितीय वीरता और सर्वोच्च बलिदान की प्रेरक गाथा सदैव हमें राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति के पथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा देती रहेगी।"

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर लिखा, "देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अद्वितीय योद्धा और परमवीर चक्र से सम्मानित फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों की जयंती पर उन्हें हमारा कोटि-कोटि प्रणाम।"

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story