Samachar Nama
×

दिल्ली में गंभीर प्रदूषण के लिए पराली और स्थानीय स्रोत दोनों जिम्मेदार, समाधान मार्केट लिंकेज और तकनीकी सुधार में : चंद्र भूषण

दिल्ली में गंभीर प्रदूषण के लिए पराली और स्थानीय स्रोत दोनों जिम्मेदार, समाधान मार्केट लिंकेज और तकनीकी सुधार में : चंद्र भूषण
दिल्ली में गंभीर प्रदूषण के लिए पराली और स्थानीय स्रोत दोनों जिम्मेदार, समाधान मार्केट लिंकेज और तकनीकी सुधार में : चंद्र भूषण

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। देश की राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में दिवाली के बाद प्रदूषण चरम सीमा पर पहुंच चुका है। पर्यावरणविद और आईफॉरेस्ट के सीईओ-अध्यक्ष चंद्र भूषण ने कहा कि इस समय दिल्ली के वायु प्रदूषण का करीब 50 फीसदी कारण पराली जलाना है। उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर की बारिश के बाद पराली जलाने की घटनाएं लगभग पांच गुना बढ़ी हैं, जिसका असर सैटेलाइट इमेज से भी दिख रहा है और इसका समाधान कंबाइन हार्वेस्टर को री-डिजाइन करने और पराली के लिए मजबूत मार्केट लिंकेज बनाने में है।

पर्यावरणविद और इंटरनेशनल फोरम फॉर एनवायरनमेंट सस्टेनबिलिटी एंड टेक्नोलॉजी के सीईओ-अध्यक्ष चंद्र भूषण ने कहा, "आज के दिन में वायु प्रदूषण का जो प्रमुख कारण है, वह पराली जलाना है। दिल्ली का अपना प्रदूषण तो है ही। प्रदूषण के स्रोत हैं गाड़ियां हैं, फैक्टरियां हैं, घरों से निकलने वाला प्रदूषण है। वह लगभग 50 फीसदी है, लेकिन आज के दिन जो 50 फीसदी प्रदूषण आप देख रहे हैं, वह पराली जलाने से है। इस पर अब कोई विवाद नहीं है।"

उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में अगर आप देखें, बारिश के बाद दिल्ली में 30 अक्टूबर को बारिश हुई थी और उसके बाद से प्रदूषण बहुत तेजी से बढ़ा है। उसी तेजी से पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में पराली जलाने की घटनाएं भी बढ़ी हैं। पराली जलाने की घटनाएं लगभग पांच गुना तक बढ़ी हैं।

चंद्र भूषण ने कहा कि जब भी पराली जलने की शुरुआत और दिवाली साथ में पड़ती है, तो प्रदूषण बहुत ज्यादा होता है। पिछले दस साल में इतना ज्यादा प्रदूषण देखने को नहीं मिला है और इसका लोगों के स्वास्थ्य पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पराली का प्रभाव लगभग 30 दिनों तक रहता है। यह केवल दिल्ली की बात नहीं है, बल्कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित पूरे इंडो गैंगेटिक प्लेन की समस्या है। अक्टूबर के अंत से लेकर जनवरी की शुरुआत तक पराली का बहुत बड़ा योगदान रहता है, लेकिन बाकी 335 दिनों में दिल्ली के अपने स्रोत और दिल्ली के आसपास का जो क्षेत्र है, जिसे हम एयरशेड कहते हैं, उनका प्रमुख योगदान होता है। इसलिए जब दिल्ली का प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंचता है, जैसा कि अभी हम देख रहे हैं, तब उसमें पराली का योगदान होता है, वरना साल भर स्थानीय स्रोत प्रमुख रहते हैं।

चंद्र भूषण ने कहा कि पराली जलाने के विषय में मेरा कहना है कि हमें मालूम है कि इसका समाधान क्या है। पराली एक बहुत बड़ी आर्थिक अवसर भी है। आप पराली को बेच सकते हैं, उसे जमीन में मिलाकर कम्पोस्ट बना सकते हैं, उससे उर्वरक तैयार कर सकते हैं और उससे गैस भी बनाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी समस्या यह है कि हमने मजबूत मार्केट लिंकज स्थापित नहीं किया है, ताकि किसान को यह पता हो कि पराली कहां जाएगी और कितने दाम में बिकेगी। दूसरा कारण यह है कि आज जो कंबाइन हार्वेस्टर उपयोग में लाए जा रहे हैं, वे लगभग डेढ़ फुट पराली खेत में छोड़ देते हैं और ऊपर से ही कटाई करते हैं। ऐसे में किसान के सामने सबसे आसान विकल्प उसे जलाना रह जाता है।

चंद्र भूषण ने कहा कि इसलिए दो काम करने की आवश्यकता है। पहला, कंबाइन हार्वेस्टर को दोबारा डिजाइन किया जाए ताकि वह जमीन की सतह से कटाई करे। दूसरा, मजबूत मार्केट लिंकज स्थापित किया जाए ताकि पराली का उपयोग खेत के अंदर या खेत के बाहर हो सके। यदि हम ये दोनों काम कर लें, तो एक-दो वर्षों में पराली की समस्या काफी हद तक समाप्त की जा सकती है, लेकिन इसके लिए गांव-गांव में जाकर मेहनत करनी होगी, तभी यह समस्या हल होगी।

उन्होंने कहा कि उपाय हमारे पास हैं, नियम हमारे पास हैं, लेकिन उनका क्रियान्वयन बहुत कमजोर है। उदाहरण के लिए आज दिल्ली में सड़कों से उड़ने वाली धूल को देखें। कहने के लिए तो सड़कों की सफाई हो रही है, लेकिन सड़कों की स्थिति ही काफी खराब है। कुछ दिन पहले मैं राम मनोहर लोहिया अस्पताल के सामने से गुजर रहा था। वहां सड़क की धूल स्पष्ट दिखाई दे रही थी। एम्स के आसपास भी आप यही स्थिति देख सकते हैं। केवल धूल उठाने से धूल कम नहीं होगी। हमें सड़कों की मरम्मत और बेहतर निर्माण की भी जरूरत है।

चंद्र भूषण ने कहा कि इसी तरह केवल फैक्टरियों के लिए कानून बना देने से काम नहीं चलेगा। उन कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन भी करना होगा। जब तक ये सभी काम नहीं होंगे, तब तक हमारे देश में प्रदूषण का संकट, जो हर साल आता है, समाप्त नहीं होगा।

--आईएएनएस

केके/वीसी

Share this story

Tags