पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री मारापे का सीएमजी को विशेष साक्षात्कार
बीजिंग, 28 नवंबर (आईएएनएस)। हाल ही में दक्षिण चीन के क्वांगतोंग प्रांत के शनचन शहर में आयोजित एपेक नेताओं की 33वीं अनौपचारिक बैठक के दौरान, चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) की संवाददाता त्सोउ युन ने पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे का विशेष साक्षात्कार लिया।
साक्षात्कार में मारापे ने कहा कि इस साल चीन और पापुआ न्यू गिनी के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ है। उन्होंने कहा कि पापुआ न्यू गिनी हमेशा एक-चीन सिद्धांत का पालन करता रहा है। देश ने अपने यहां 'थाईपे आर्थिक कार्यालय' को बंद कर दिया है और राष्ट्रीय संप्रभुता तथा क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के मामले में चीन के प्रति अपना दृढ़ समर्थन दोहराया है।
उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि चीन साझा समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही, उन्होंने वैश्विक मामलों में चीन की अग्रणी भूमिका का समर्थन किया।
प्रधानमंत्री मारापे ने आगे कहा कि आधुनिक इतिहास में किसी दूसरे देश ने चीन जैसी बड़ी उपलब्धियां हासिल नहीं की हैं। चीन ने 8 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। उन्होंने चीनी नेतृत्व के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया और चीनी लोगों की लगन, मेहनत तथा अपने परिवार और देश के लिए लगातार काम करने की भावना की सराहना की।
गौरतलब है कि पापुआ न्यू गिनी 1993 में आधिकारिक तौर पर एपेक में शामिल हुआ था। इसके साथ ही, वह इस संगठन का एकमात्र प्रशांत द्वीप सदस्य बना। इस साल एपेक बैठक की मेजबानी कर रहे चीन ने 'खुलापन, नवाचार और सहयोग' को अपनी तीन प्रमुख प्राथमिकताएं बनाया है।
मारापे के अनुसार, ये तीनों क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि खुला आर्थिक माहौल सभी देशों को अपनी आर्थिक ताकत का लाभ उठाने और जरूरतमंद साझेदारों के साथ वस्तुओं तथा सेवाओं का व्यापार करने का अवसर देता है। उन्हें भरोसा है कि खुले और निष्पक्ष व्यापार का भविष्य उज्ज्वल है।
मारापे ने यह भी कहा कि पापुआ न्यू गिनी चीन के साथ आर्थिक और व्यापारिक सहयोग को और गहरा करना चाहता है। इसके लिए वह चीनी निवेशकों को प्रसंस्करण उद्योग, विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा और वन संरक्षण जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित कर रहा है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि विकास कोई सौ मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि एक मैराथन है। उनके शब्दों में, "अकेले चलना तेज है, लेकिन साथ मिलकर चलना दूर तक ले जाता है।" उन्होंने कहा कि सभी देशों को सह-अस्तित्व और आपसी लाभ के रास्ते तलाशने चाहिए।
साक्षात्कार के दौरान प्रधानमंत्री मारापे ने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की ओर से प्रस्तावित चार वैश्विक पहलों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ये पहलें नागरिकों और पूरी धरती के हित में हैं। उनका मानना है कि यदि सभी देश अपने संप्रभु अधिकारों का सम्मान करते हुए शांति को अपनाएं, तो इस धरती पर शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व संभव है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
डीकेपी/

