Samachar Nama
×

पप्पू यादव का आचरण सनातन के विरुद्ध, कड़ी सजा मिलनी चाहिए: मनोज तिवारी

पप्पू यादव का आचरण सनातन के विरुद्ध, कड़ी सजा मिलनी चाहिए: मनोज तिवारी
पप्पू यादव का आचरण सनातन के विरुद्ध, कड़ी सजा मिलनी चाहिए: मनोज तिवारी

नई दिल्ली, 2 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव के संसद परिसर में भगवा वस्त्र पहनकर विरोध जताने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव का आचरण सनातन के विरुद्ध, कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि एक धर्म के प्रति अनादर का भाव पहले भी कई बार देखने को मिला है, लेकिन इस बार सारी सीमाएं पार कर दी गई हैं।

उन्होंने कहा कि भगवा रंग और भगवान श्रीराम की तस्वीर किसी सांसद के चरणों में रखना तथा इस तरह का नाटक करना सनातन धर्म का अपमान है। यह बेहद गंभीर अपराध है और ऐसा करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल के 'आजादी' संबंधी बयान पर मनोज तिवारी ने कहा कि देश के सभी महान नेताओं ने हमेशा यह संदेश दिया है कि आजादी का अर्थ मनमानी नहीं होता। उन्होंने कहा कि किसी का अपमान करना अभिव्यक्ति की आजादी नहीं है। देश की जनता बहुत समझदार है और जो लोग इस तरह की हरकतें कर रहे हैं, वे भी एक दिन सही रास्ते पर आ जाएंगे।

दिल्ली सरकार की 'लक्ष्मी योजना' के बारे में भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने गरीब महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपए देने का वादा किया था। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद लाभार्थियों की सूची तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि काफी संख्या में महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है। अब योजना से जुड़े दस्तावेजों की प्रक्रिया और पात्रता तय करने का काम शुरू हो गया है। सांसद और विधायक इस कार्य में जुटे हुए हैं। हमने दिल्ली की जनता से जो वादा किया था, उसे जल्द पूरा किया जाएगा। उम्मीद है कि आने वाला रक्षाबंधन दिल्ली की बहनों के लिए एक बड़ा उपहार लेकर आएगा।

ई-20 को लेकर केजरीवाल के बयान पर कटाक्ष करते हुए तिवारी ने कहा कि अब उनकी पार्टी में मुश्किल से 200 लोग ही बचे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि दिल्ली और पंजाब की जनता ने उन्हें किस तरह नकार दिया है।

ई-20 ईंधन को लेकर उन्होंने कहा कि यह देश की आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ देश-विरोधी ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने।

उन्होंने कहा कि मेरी गाड़ी में भी ई-20 ईंधन का इस्तेमाल होता है। यह भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कुछ कंपनियां और देश-विरोधी शक्तियां चाहती थीं कि भारत हमेशा डीजल और पेट्रोल के लिए विदेशों पर निर्भर रहे, लेकिन अब देश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

--आईएएनएस

डीकेएम/एएस

Share this story