'फुलर लेंथ' की रणनीति रही सफल, ईरानी कप जीतने के बाद कप्तान पंत ने रेस्ट ऑफ इंडिया के गेंदबाजों को सराहा
श्रीनगर, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। रेस्ट ऑफ इंडिया टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि दूसरी पारी में गेंदबाजों ने अपनी रणनीति बदली, जिसका टीम को बड़ा फायदा मिला। उन्होंने बताया कि गेंदबाजों ने अपनी लेंथ को थोड़ा आगे रखा और बल्लेबाजों के करीब गेंदबाजी की, जिससे विकेट मिले। टीम ने रविवार को शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में जम्मू-कश्मीर को 167 रनों से हराकर ईरानी कप का खिताब अपने नाम किया।
रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर के पहली पारी के आधार पर 41 रनों की बढ़त लेने के बाद रेस्ट ऑफ इंडिया ने चौथे दिन लंच के बाद जबरदस्त खेल दिखाया। तेज गेंदबाज मुकेश कुमार (6/33) की अगुवाई में टीम ने जम्मू-कश्मीर को 279 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 111 रनों पर समेट दिया।
रविवार को बुखार के कारण मैदान पर नहीं उतरे ऋषभ पंत ने माना कि जम्मू-कश्मीर की पहली पारी के दौरान गेंदबाज अपनी शुरुआती रणनीति से भटक गए थे, हालांकि उन्होंने टीम की तारीफ करते हुए कहा कि जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब उन्होंने महत्वपूर्ण रणनीतिक बदलाव किए।
ऋषभ पंत ने कहा, "जाहिर है कि जब आप जीतते हैं तो सारी तकलीफ और थकान दूर हो जाती है। ज्यादातर पहली पारी में भी 'फुलर लेंथ' पर गेंदबाजी करने की ही योजना थी। गेंदबाजों के साथ हमारी यही बातचीत हुई थी कि हम लेंथ को थोड़ा आगे (फुलर) रखेंगे।" मैच के बाद पुरस्कार समारोह में पंत ने कहा, "हम दूसरी पारी में इसे सुधारना चाहते थे, क्योंकि हमें पता था कि हमारे गेंदबाज बहुत अच्छे हैं, लेकिन समस्या यह थी कि पहली पारी में हमने बहुत ज्यादा 'बैक ऑफ लेंथ' (बल्लेबाज से दूर) गेंदबाजी की थी। हमने इसे सुधारा और दूसरी पारी में लगातार 'फुलर लेंथ' पर गेंदबाजी की।"
रविवार को 29 साल के हुए पंत ने कहा कि योजनाओं को सही ढंग से लागू करने से बहुत संतुष्टि मिलती है, खासकर तब जब मुकाबले की शुरुआत में पिछड़ने के कारण निराशा हुई हो। उन्होंंने कहा, "देखिए, निश्चित रूप से योजना स्टंप्स के पास 'फुलर लेंथ' पर गेंदबाजी करने की थी। जाहिर है कि जब आप प्लान पर टिके नहीं रहते तो निराशा होती है, लेकिन साथ ही जब आप कोई प्लान बनाते हैं और उस पर टिके रहते हैं और चीजों को होते हुए देखते हैं तो यह देखना बहुत अच्छा लगता है।"
पंत ने युवा बल्लेबाज रविचंद्रन स्मरण की भी जमकर तारीफ की, जिनकी 68 और 135 रन की पारियों ने 'रेस्ट ऑफ इंडिया' को मुश्किल स्थिति से निकालकर मैच में उनकी स्थिति मजबूत की। पंत ने कहा, "आज सब कुछ सही रहा, लेकिन साथ ही जैसा कि आपने स्मरण का जिक्र किया, उन्होंने दोनों पारियों में जिस तरह से खेला, मुझे लगता है कि वह शानदार पारी थी। खासकर तब जब हम दबाव में थे और दूसरी पारी में उन्होंने जिस तरह से खेला, वह वाकई जबरदस्त था।"
--आईएएनएस
एसएम/वीसी

