Samachar Nama
×

दिल्ली: पानी की किल्लत को लेकर ‘आप’ ने कोंडली में मटका फोड़ प्रदर्शन किया

नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। दिल्ली में बढ़ती गर्मी और पानी की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने सरकार के खिलाफ विरोध तेज कर दिया है। शुक्रवार को कोंडली विधानसभा क्षेत्र में आप के कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने विधायक कुलदीप कुमार के नेतृत्व में मयूर विहार फेस-2 स्थित दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय के बाहर जोरदार मटका फोड़ प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पानी की समस्या के समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग हाथों में खाली मटके लेकर पहुंचे। लोगों ने नारे लगाकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों ने जल बोर्ड कार्यालय के बाहर मटके फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर विधायक कुलदीप कुमार ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में चार इंजन की सरकार होने के बावजूद जनता को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए परेशान हैं, जबकि मुख्यमंत्री और मंत्री एसी कमरों में बैठे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अभी तक पानी की समस्या को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई और न ही प्रभावित इलाकों का दौरा किया।

कुलदीप कुमार ने कहा कि उनकी विधानसभा समेत दिल्ली के कई इलाकों में पानी का गंभीर संकट बना हुआ है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की करीब 40 प्रतिशत आबादी पानी की किल्लत से जूझ रही है, लेकिन सरकार केवल झूठे दावे कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान दिल्लीवासियों से डबल इंजन सरकार के जरिए बेहतर सुविधाएं देने का वादा किया था, लेकिन अब हालात और खराब हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली जल बोर्ड के कई यूजीआर खाली पड़े हैं और लोगों को नियमित पानी नहीं मिल रहा।

उन्होंने कहा कि अमीर लोग तो पानी खरीद सकते हैं, लेकिन गरीब परिवारों के सामने पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया है। विधायक ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय को पानी की स्थिति को लेकर गलत रिपोर्ट भेजी गई है।

प्रदर्शन के दौरान विधायक और कार्यकर्ता जल बोर्ड कार्यालय के अंदर भी पहुंचे और मटकों में पानी भरने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद नाराज प्रदर्शनकारियों ने वहीं मटके फोड़ दिए।

मौके पर भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। कुलदीप कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोंडली के लोग मंत्री प्रवेश वर्मा के घर का घेराव करेंगे।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags