पालघर में भारी बारिश से रेलवे ट्रैक पर जमा हुआ पानी, वसई-नालासोपारा-विरार के बीच ट्रेनों का परिचालन बंद
मुंबई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे, पालघर समेत कई जिलों में हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पुणे में तो हाईवे और रेलवे ट्रैक दोनों बाधित हो गए हैं, जबकि पालघर के नालासोपारा में रेलवे ट्रैक पर पानी भरने की वजह से लोकल ट्रेनों समेत एक्सप्रेस ट्रेनों की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
वेस्टर्न रेलवे के सीपीआरओ विनीत अभिषेक ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। रविवार रात और सोमवार सुबह के बीच और भी तेज बारिश हुई। कुछ ही घंटों में पालघर में 300 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसके कारण वसई, नालासोपारा और विरार में ट्रेन सेवाएं प्रभावित हैं।
उन्होंने बताया कि लोकल ट्रेनें चर्चगेट से लेकर वसई रोड तक चल रही हैं। ये ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं, लेकिन वसई, नालासोपारा और विरार के बीच ट्रैक पर पानी जमा होने के कारण सेवाएं बंद हैं। मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें जो मुंबई आ रही हैं, उन्हें रेगुलेट करके मुंबई लाया जा रहा है। पालघर में बारिश के कारण नालासोपारा में शहर और रेलवे ट्रैक का पानी एक ही स्तर पर है। इसके कारण ट्रैक से पानी बाहर नहीं निकल रहा है।
उन्होंने कहा कि पानी का स्तर नीचे आने के बाद ही ट्रेनों का संचालन संभव हो पाएगा। कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों को नालासोपारा में जमा पानी की वजह से शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया है। उन्हें पालघर, विरार, वापी और वलसाड में ही रोक दिया गया है। कुछ ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। हमारी कोशिश है कि ट्रेनों को स्टेशन पर ही रोका जाए, ताकि उन्हें दो स्टेशनों के बीच न रुकना पड़े। स्टेशन पर यात्रियों की मदद की जा सकती है, इसलिए यह व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा कि हमारे वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और कंट्रोल रूम से निगरानी कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। जो एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं, उनकी जानकारी सोशल मीडिया, मीडिया, समाचार पत्रों और रेलवे स्टेशन पर की जा रही घोषणाओं के जरिए यात्रियों तक पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि चर्चगेट से लेकर वसई रोड के बीच और डहाणू रोड से विरार के बीच लोकल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन विरार-नालासोपारा-वसई के बीच ट्रेनों का संचालन सबसे अधिक प्रभावित है।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

