पालघर के तलाशरी स्थित डाक बंगले में युवती के साथ गैंगरेप, शक के घेरे में बॉयफ्रेंड
पुणे, 11 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पालघर जिले के तलाशरी स्थित डाक बंगले में एक युवती के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम देने का मामला सामने आया है। इस अपराध में युवती का बॉयफ्रेंड भी शक के घेरे में है।
तलाशरी पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, 9 अगस्त को 19 वर्षीय पीड़िता अपने बॉयफ्रेंड के साथ उमर गांव बीच पर गई थी। वहां से लौटने के दौरान तलाशरी के नजदीक उनका दोपहिया वाहन स्लिप होकर गिर गया था। उसी समय तीन लोग एक बाइक पर आए और मदद करने के बजाय लड़की के बॉयफ्रेंड को धमकाकर उसे वहां से भगा दिया और फिर उन्होंने दो और लड़कों को फोन करके वहां बुलाया और नजदीक के सुनसान खाली पड़े डाक बंगले पर पीड़िता को ले गए और गैंगरेप किया।
पीड़िता की शिकायत पर तलाशरी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और जांच पड़ताल के बाद अब तक कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है जबकि बॉयफ्रेंड पर पुलिस को शक है क्योंकि आरोपी और पीड़िता का बॉयफ्रेंड एक दूसरे के परिचित थे। ऐसे में घटना में उसकी भूमिका भी संदिग्ध है।
वहीं, बॉयफ्रेंड को जब आरोपियों ने डरा-धमकाकर वहां से भेज दिया, उसके बावजूद भी उसने पुलिस को सूचित नहीं किया कि युवती को अगवाकर उसे आरोपी ले गए। इसलिए भी इस मामले में उसकी भूमिका संदिग्ध दिख रही है। फिलहाल पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस की ओर से इस घटना में बॉयफ्रेंड की भूमिका की जांच चल रही है। इसी के साथ फरार अन्य दो आरोपियों की खोजबीन और अग्रिम कार्रवाई जारी है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम

