Samachar Nama
×

पलामू में स्वास्थ्य सहिया हत्याकांड पर आक्रोश, आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर निकाला मार्च

पलामू में स्वास्थ्य सहिया हत्याकांड पर आक्रोश, आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर निकाला मार्च
पलामू में स्वास्थ्य सहिया हत्याकांड पर आक्रोश, आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर निकाला मार्च

मेदिनीनगर, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के पलामू जिले में स्वास्थ्य सहिया गीता देवी की हत्या के विरोध में रविवार को ग्रामीणों ने आक्रोश मार्च निकालकर न्याय की मांग की। पांडु थाना क्षेत्र के सिलदिली गांव से निकाले गए मार्च में लोगों ने हत्याकांड के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। पुलिस इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कठोर कानूनी कार्रवाई जरूरी है।

नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव की रहने वाली गीता देवी 20 अक्टूबर की रात दुर्गा पूजा पंडाल से लौटते समय लापता हो गई थीं। अगले दिन उनका शव घर के पास धान के खेत से बरामद हुआ था। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी, कड़ी सजा और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर मेदिनीनगर-औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग-39 को कई घंटों तक जाम रखा था।

पुलिस की जांच के अनुसार, वारदात के दौरान चार आरोपियों ने गीता देवी को सुनसान रास्ते पर रोककर उनके आभूषण लूटे और उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को डर था कि महिला उन्हें पहचान लेगी, इसलिए उन्होंने कथित तौर पर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपरंजन पांडे उर्फ छोटू, रोहित पांडे, आकाश उर्फ भुलन और विक्की पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका के आभूषण, मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई रस्सी और दो मोटरसाइकिलें बरामद करने की बात कही है। इस घटना पर पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने दुख जताते हुए महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की थी।

वहीं, कांग्रेस अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत किशोर समेत विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच तथा सभी दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग दोहराई है।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम

Share this story

Tags