Samachar Nama
×

पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर एटीएस का एक्शन; महाराष्ट्र में कई जगह छापेमारी, संदिग्धों से पूछताछ

पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर एटीएस का एक्शन; महाराष्ट्र में कई जगह छापेमारी, संदिग्धों से पूछताछ
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर एटीएस का एक्शन; महाराष्ट्र में कई जगह छापेमारी, संदिग्धों से पूछताछ

मुंबई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने एक बार फिर बड़ा अभियान शुरू किया है। इस कार्रवाई के तहत पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ समेत राज्य के कई इलाकों में एक साथ छापेमारी की जा रही है। एटीएस की कई टीमें अलग-अलग शहरों में संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर पहुंचीं और पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया है।

महाराष्ट्र एटीएस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि शहजाद भट्टी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सोशल मीडिया के जरिए भारतीय युवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहा था। इसके लिए फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा था। एटीएस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और सभी संदिग्ध संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।

इससे पहले 10 जुलाई को भी महाराष्ट्र एटीएस ने शहजाद भट्टी के संपर्क में आए संदिग्धों के खिलाफ बड़ा तलाशी और पूछताछ अभियान चलाया था। उस दौरान एटीएस की 14 यूनिटों की 58 टीमों ने राज्यभर में 102 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि शहजाद भट्टी सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय युवाओं को देश विरोधी गतिविधियों के लिए उकसाने की कोशिश कर रहा है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, शहजाद भट्टी के साथ उसके सहयोगी आबिद जाट, अजमल गुजर और हम्माद मेमन भी इस नेटवर्क का हिस्सा हैं। ये सभी फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं से संपर्क स्थापित कर रहे थे।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह गैंग धार्मिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील मुद्दों का इस्तेमाल कर युवाओं का ब्रेनवॉश करने और उन्हें देश के खिलाफ भड़काने की कोशिश कर रहा था। इतना ही नहीं, बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को पैसों का लालच देकर उन्हें इस कथित देश विरोधी नेटवर्क और स्लीपर सेल का हिस्सा बनाने की भी कोशिश की जा रही थी। फिलहाल महाराष्ट्र एटीएस की कार्रवाई जारी है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story

Tags