पाकिस्तान में महसूस हुए भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.8 दर्ज की गई
नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.8 दर्ज की गई। भूकंप के चलते किसी तरह के नुकसान के बारे में फिलहाल कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।
एनसीएस के अनुसार, शनिवार सुबह 10:37 बजे लोगों ने भूकंप के तेज झटके महसूस किए। भूकंप का केंद्र मध्य बलूचिस्तान के शहर खुजदार के पास जमीन से 15 किलोमीटर नीचे गहराई में बताया गया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.8 दर्ज की गई। भूकंप के झटकों के बाद लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हलचल महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थान की ओर भागे।
पिछले कुछ समय से पाकिस्तान के आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के कई दौर महसूस किए गए हैं। खासकर अफगानिस्तान के क्षेत्र में। इस महीने कई बार अफगानिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए। एक अक्टूबर को भी अफगानिस्तान में 5.3 तीव्रता के तेज झटके महसूस किए गए थे। हालांकि, इस भूकंप में किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं है।
इससे पहले 7 सितंबर को सुबह 5 बजकर 36 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई थी। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से 130 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप से किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं आई।
इससे पहले अगस्त में ही पूर्वी नंगरहार प्रांत में लोगों ने भूकंप के झटकों का सामना किया। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.9 मापी गई। इस दौरान तेज झटकों की वजह से 15 लोग घायल हुए थे।
इसी वर्ष जून महीने में भी अफगानिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए। 27 जून को 7 बजकर 19 मिनट और 51 सेकेंड पर 6.2 तीव्रता के भूकंप के झटके लोगों ने महसूस किए। इसका असर दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और उत्तर भारत के कई अन्य राज्यों में भी पड़ा। यहां भी लोगों ने झटके महसूस किए।
--आईएएनएस
एवाई/पीएम

