Samachar Nama
×

पाखी हेगड़े ने की बिहार सरकार की तारीफ, बोलीं-बिहार में बनेगी फिल्म सिटी तो मिलेगा रोजगार

पाखी हेगड़े ने की बिहार सरकार की तारीफ, बोलीं-बिहार में बनेगी फिल्म सिटी तो मिलेगा रोजगार
पाखी हेगड़े ने की बिहार सरकार की तारीफ, बोलीं-बिहार में बनेगी फिल्म सिटी तो मिलेगा रोजगार

पटना, 16 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री पाखी हेगड़े ने भोजपुरी सिनेमा, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर बज रहे छठ गीतों और कलाकारों के लिए बिहार सरकार के सपोर्ट पर खुलकर बात की। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने सभी को छठ महापर्व की बधाई देते हुए कहा कि इस मौके पर वे बधाई देने के लिए सांस्कृतिक मंत्री के घर भी गईं।

उन्होंने कहा, "छठ महापर्व पर सभी से मिलना जरूरी होता है और इस मौके पर मैं चाह रही थी कि सांस्कृतिक मंत्री से मुलाकात करूं, क्योंकि बिहार में वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। इसी सिलसिले में मैं यहां पर आई हूं।"

उन्होंने छठ महापर्व की महत्ता पर बात करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि छठ महापर्व को मनाने के लिए लोग विदेशों से ही अपने घर आते हैं। यह एक ऐसा पर्व है, जहां उगते हुए सूरज को प्रणाम करने के साथ-साथ डूबते हुए सूरज की भी पूजा की जाती है। उनकी पूजा करते हुए हम सभी लोग देखते हैं।इस पर्व पर महिलाएं अपने परिवार के लिए कड़ा उपवास करती हैं। महिलाएं 36 घंटे निर्जल उपवास करके छठी मैया की पूजा करती हैं।

उन्होंने कहा, "हम लोग पर्व को देखने के लिए पूरे परिवार के साथ घाट पर गए थे। मुझे घाट पर एक अलग अनुभव हुआ, जो आज तक मैंने कभी महसूस ही नहीं किया था। मैं यही प्रार्थना करती हूं कि लोगों की दिन-दोगुनी और रात चौगुनी बनी रहे। वे जीवन में सकारात्मकता अपनाए।"

अभिनेत्री ने बिहार सरकार की तरफ से कलाकारों को मिल रहे सपोर्ट पर भी बात की। उन्होंने कहा, "यह बहुत ही अच्छी बात है कि जो कलाकार अपने काम के लिए बाहर जाते थे, अब उन्हें नहीं जाना पड़ेगा। अगर रोजगार यहीं पर सबको मिल जाए और शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कला के क्षेत्र में भी बदलाव आ जाए, तो ये सभी के लिए बहुत बड़ी बात होगी। अब बिहार में भी फिल्म सिटी बनने जा रही है। इसके बनने से कितने ही लोगों को रोजगार मिलेगा। जब हम फिल्म इंडस्ट्री में आए थे, तब हम बहुत ही चरम पर थे। ऐसे में ये हम सभी के लिए एक विनिंग पॉइंट है कि सीएम साहब की तरफ से ये कंफर्मेशन मिल गया है।"

अभिनेत्री पाखी हेगड़े ने कहा, "मैं यही चाहती हूं कि यहां पर इतनी अच्छी इंडस्ट्री तैयार हो कि किसी को भी बाहर न जाना पड़े। यहां पर सब कुछ हो और अच्छी फिल्में बनें। ये बात तो सभी अच्छे से जानते हैं कि अगर किसी फिल्म को हिट होना है, तो अगर वो बिहार में हिट हो जाती है, तो उसे हर जगह हिट माना जाता है। बिहार में हिट होने का इतना बड़ा नाम है, सोचिए यहां पर फिल्में बनेंगी तो क्या होगा।अब हम सभी सुन रहे हैं कि बॉलीवुड की कई फिल्में और सीरीज यहां पर बन रही हैं।"

--आईएएनएस

एनएस/वीसी

Share this story