Samachar Nama
×

पहले गुजरात के सीएम, फिर देश के पीएम बने मोदी ने तय किए विकास के नए आयाम : केशव मौर्य

पहले गुजरात के सीएम, फिर देश के पीएम बने मोदी ने तय किए विकास के नए आयाम : केशव मौर्य
पहले गुजरात के सीएम, फिर देश के पीएम बने मोदी ने तय किए विकास के नए आयाम : केशव मौर्य

लखनऊ, 9 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान को लेकर उत्तर प्रदेश भाजपा के नेताओं में खासा उत्साह है।

लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस अभियान को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्ष का जो कार्यकाल है, सत्ता में रहकर सेवा का सर्वोच्च भाव रखते हुए पहले मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने गुजरात का विकास किया और बाद में प्रधानमंत्री के रूप में जिस प्रकार से देश का विकास किया, वह पूरे विश्व के अंदर मॉडल बन गया है। 17 सितंबर को उनका जन्मदिन है और जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाने का काम सरकार भी करेगी, पार्टी भी करेगी, देश भी करेगा और प्रदेश भी करेगा।"

केशव मौर्य ने कहा कि पीएम मोदी का 25 साल का कार्यकाल सेवा, सुशासन और विकास का प्रतीक है। गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने जो विकास की नींव रखी, आज प्रधानमंत्री के तौर पर वह पूरे देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।

वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने भी पीएम मोदी के 25 साल के सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने कहा, "हम सबके नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे सेवा भाव के साथ जन सेवा का काम किया है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरुआत करते हुए आज हमारे देश के प्रधानमंत्री के रूप में एक सफल किरदार उन्होंने निभाया है और 2014 से लेकर अब तक देश की तस्वीर और तकदीर को संवारने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है।"

दानिश आजाद ने कहा, "चाहे भारत देश के अंदर या वैश्विक पटल पर भारत देश की क्षमताओं को बढ़ाने की बात हो, प्रधानमंत्री मोदी ने हर रोल को अच्छे से निभाया है। ऐसे एक नेता की ही हमारे देश को जरूरत थी और उनके जो प्रशासनिक सेवा का 25 सालों का कार्यकाल रहा है। इस लंबे और सफल कार्यकाल के लिए हम तमाम कार्यकर्ता और देशवासी उन्हें बधाई देते हैं।"

उन्होंने विश्वास जताया कि पीएम मोदी इसी तरह जन सेवा के भाव को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करते हुए देश को समृद्धि और खुशहाली की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। बता दें कि भाजपा का 'सेवा संकल्प अभियान' एक महीने तक चलेगा, जिसमें स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर और गरीबों की सेवा से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story