Samachar Nama
×

पहलगाम में होटलों पर अनंतनाग पुलिस की छापेमारी, नशा तस्करी के खिलाफ चलाया अभियान

अनंतनाग, 05 जून (आईएएनएस)। नशा तस्करी और मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अनंतनाग पुलिस ने पहलगाम उप-मंडल के विभिन्न होटलों में व्यापक नार्को छापेमारी की कार्रवाई की।
पहलगाम में होटलों पर अनंतनाग पुलिस की छापेमारी, नशा तस्करी के खिलाफ चलाया अभियान

अनंतनाग, 05 जून (आईएएनएस)। नशा तस्करी और मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अनंतनाग पुलिस ने पहलगाम उप-मंडल के विभिन्न होटलों में व्यापक नार्को छापेमारी की कार्रवाई की।

यह छापेमारी मवूरा, राफ्टिंग पॉइंट और यन्नर क्षेत्रों में स्थित होटलों में की गई। पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर कई होटल परिसरों की तलाशी ली, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पर्यटक आवासों का उपयोग नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों के लिए न हो।

इस अभियान में एसडीपीओ पहलगाम की निगरानी में छह पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया। टीमों ने अलग-अलग होटलों में जाकर जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इस कार्रवाई का उद्देश्य नशा तस्करी के नेटवर्क पर लगाम लगाना और क्षेत्र में नशा-मुक्त माहौल सुनिश्चित करना है।

अनंतनाग पुलिस ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जिले में मादक पदार्थों के कारोबार को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।

इससे पहले 4 जून को श्रीनगर में पुलिस ने एक नशा तस्कर से जुड़ी लगभग 2 करोड़ रुपए मूल्य की संपत्ति को ध्वस्त कर दिया। पुलिस के अनुसार, रैनावारी इलाके में एक तीन मंजिला रिहायशी इमारत को ध्वस्त किया गया, जो एक ड्रग पेडलर की थी।

यह कार्रवाई श्रीनगर पुलिस ने राजस्व विभाग के सहयोग से की। पुलिस का कहना है कि यह अभियान नशीले पदार्थों से जुड़े नेटवर्क को खत्म करने और उनकी आर्थिक जड़ों को कमजोर करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। ध्वस्त की गई इमारत की पहचान शेख तसद्दुक निवासी मुमखान मोहल्ला, रैनावारी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पत्नी पुलवामा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक अलग एनडीपीएस मामले में शामिल है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags