Samachar Nama
×

समोआ, कुक आइलैंड्स और नाउरू के सात दिवसीय दौरे पर रहेंगे एमओएस पबित्रा मार्गेरिटा

समोआ, कुक आइलैंड्स और नाउरू के सात दिवसीय दौरे पर रहेंगे एमओएस पबित्रा मार्गेरिटा
समोआ, कुक आइलैंड्स और नाउरू के सात दिवसीय दौरे पर रहेंगे एमओएस पबित्रा मार्गेरिटा

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा 16 से 22 अक्टूबर तक प्रशांत महासागर के तीन द्वीपीय देशों- समोआ, कुक आइलैंड्स और नाउरू की आधिकारिक यात्रा करेंगे। इस दौरान वह इन देशों के शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे और क्षेत्र में भारत के विकास सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। एमईए के अनुसार, यात्रा के दौरान मार्गेरिटा तीनों देशों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह अन्य प्रमुख हितधारकों और भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ भी संवाद स्थापित करेंगे। वह क्षेत्र में भारत की सहायता से संचालित विकास परियोजनाओं का दौरा भी करेंगे।

इसमें आगे बताया गया कि यह यात्रा फोरम फॉर इंडिया-पैसिफिक आइलैंड्स कोऑपरेशन (एफआईपीआईसी) के ढांचे के तहत प्रशांत द्वीपीय देशों के साथ साझेदारी मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के देशों के साथ राजनीतिक संपर्क और विकास सहयोग को और गहरा करना है।

यह दौरा मई 2023 में पोर्ट मोरेस्बी में आयोजित तीसरे एफआईपीआईसी शिखर सम्मेलन के बाद भारत और प्रशांत द्वीपीय देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में एक और कदम है।

भारत और ओशिनिया क्षेत्र के संबंध हाल के वर्षों में काफी प्रगाढ़ और सुदृढ़ हुए हैं। भारत अपनी 'एक्ट ईस्ट नीति' और एफआईपीआईसी के तहत ओशिनिया देशों के साथ रणनीतिक, आर्थिक और कूटनीतिक सहयोग बढ़ा रहा है।

ओशिनिया में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पापुआ न्यू गिनी, फिजी, तुवालू, वानुअतु, समोआ, नाउरू और सोलोमन द्वीप समूह समेत कुल 14 स्वतंत्र देश शामिल हैं। भारत इस क्षेत्र के साथ कूटनीतिक संवाद बढ़ा रहा है। अप्रैल 2026 में मार्गेरिटा ने तुवालू और वानुअतु का दौरा कर जलवायु-अनुकूल बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की थी।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा, समुद्री मार्गों की सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के मामले में भारत और ओशिनिया के देश एक-दूसरे के लिए महत्वपूर्ण साझेदार हैं।

--आईएएनएस

केआरर/

Share this story

Tags