ओवैसी-चंद्रशेखर के मिलकर चुनाव लड़ने पर शिवसेना का तंज, बोले- पिछली बार दोनों को मिली थीं शून्य सीटें
नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के तहत मिलकर चुनाव लड़ने की अटकलों पर सियासत तेज हो गई है। शिवसेना प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने कहा कि पिछली बार भी दोनों पार्टियों ने चुनाव लड़ा था, लेकिन एआईएमआईएम को शून्य और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी को भी शून्य सीटें मिली थीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शून्य और शून्य मिलकर शून्य ही होता है।
शिवसेना प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने कहा कि वो उत्तर प्रदेश में मिलकर चुनाव लड़ने की सोच रहे हैं। पिछली बार भी दोनों पार्टियों ने चुनाव लड़ा था, लेकिन एआईएमआईएम को शून्य सीटें मिली थीं और चंद्रशेखर आजाद को भी कोई सीट नहीं मिली थी। शून्य और शून्य मिलाकर भी परिणाम शून्य ही होता है। इसलिए मेरा मानना है कि इस बार भी साथ आने के बाद उन्हें कोई विशेष सफलता मिलने वाली नहीं है। यहां भारतीय जनता पार्टी और योगी आदित्यनाथ की सरकार पूर्ण बहुमत और स्पष्ट जनादेश के साथ बनने वाली है।
असदुद्दीन ओवैसी के 'अब्दुल सिर्फ साइकिल का पंचर बनाने तक सीमित नहीं रहेगा, अब अब्दुल मुख्यमंत्री भी बन सकता है' वाले बयान पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग अब्दुल को केवल साइकिल का पंचर बनाने तक ही सीमित रखना चाहते हैं, लेकिन उन्हें यह भी मालूम होना चाहिए कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इस देश के राष्ट्रपति बने थे। मोहम्मद अजहरुद्दीन भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान बने थे। मोहम्मद शमी देश के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल हैं। मौलाना अबुल कलाम आजाद देश के पहले शिक्षा मंत्री बने थे।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने समुदाय के लोगों को केवल सीमित भूमिकाओं में देखना चाहते हैं और उन्हें गरीबी में रखना चाहते हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि वे आगे बढ़ें, तरक्की करें और बड़े-बड़े पदों तक पहुंचें।
दोनों शिवसेना गुटों के पुनर्मिलन पर शिवसेना प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने कहा, "यह एनसीपी का आंतरिक मामला है। दोनों पार्टियां एक साथ आएंगी या नहीं, यह उनके नेता तय करेंगे। सुनेत्रा पवार पार्टी की अध्यक्ष हैं, इसलिए वह तय करेंगी और शरद पवार साहब अपनी पार्टी के अध्यक्ष हैं, इसलिए वह तय करेंगे और जो भी चर्चाएं होती हैं, उस बारे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कहा है कि उनके पास ऐसी कोई चर्चा नहीं आई है।"
समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा, "सपा अखिलेश यादव के नेतृत्व में सामाजिक न्याय की स्थापना के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में एक मजबूत विचारधारा के साथ खड़ी है। 2024 में उसकी कार्यकर्ता शक्ति और संगठनात्मक मजबूती इतनी शानदार रही है कि जिसकी मिसाल उत्तर प्रदेश के इतिहास में आसानी से नहीं मिलती। इसी वजह से समाजवादी पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इसलिए इतने मजबूत गठबंधन पर इन छोटी-मोटी बातों का कोई असर नहीं पड़ता।"
चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन वाले बयान पर उन्होंने कहा कि अपनी बात कहने का सबको अधिकार है। पीडीए बहुत मजबूत है। समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन दोनों मजबूत हैं। भारतीय जनता पार्टी को हराने में यदि कोई सक्षम है तो वही गठबंधन है। ये लोग राजनीतिक लड़ाई को कठिन जरूर बना सकते हैं, लेकिन जीतने की स्थिति में आना या लोगों का व्यापक भला करने की स्थिति में पहुंचना उनके लिए न आज आसान है और न भविष्य में होने वाला है। यह बहुत मुश्किल है।
--आईएएनएस
केके/वीसी

