Samachar Nama
×

ओवैसी अपने गढ़ में सीएम बनाकर दिखाएं, यूपी में ध्रुवीकरण कर भाजपा को जिताना चाहते हैं : अबू आसिम आजमी

ओवैसी अपने गढ़ में सीएम बनाकर दिखाएं, यूपी में ध्रुवीकरण कर भाजपा को जिताना चाहते हैं : अबू आसिम आजमी
ओवैसी अपने गढ़ में सीएम बनाकर दिखाएं, यूपी में ध्रुवीकरण कर भाजपा को जिताना चाहते हैं : अबू आसिम आजमी

मुंबई, 11 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा को लेकर उठ रहे सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि अपने धर्म को मानना गलत नहीं हो सकता है। अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने पर आपत्ति जताना ही गलत है। उन्होंने एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर ध्रुवीकरण करके भारतीय जनता पार्टी को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। वहीं, एनसीपी के विलय के सवाल पर उन्होंने दोनों गुटों के एक होने की दुआ करते हुए इसे अच्छी बात बताया।

अबू आजमी ने कहा, "दुनिया में कोई अच्छा इंसान, कोई सच्चा मुसलमान कभी यह नहीं कहेगा कि 'अखिलेश यादव राम मंदिर क्यों जा रहे हैं?' अगर वह धार्मिक है, तो वह जरूर कहेगा कि 'अखिलेश यादव को राम मंदिर जाना चाहिए और पूजा-अर्चना करनी चाहिए।' इस पर बिल्कुल भी कोई आपत्ति नहीं है। अगर हम कहें कि अखिलेश यादव काबा जा रहे हैं, तो आप पूछेंगे, 'क्या अखिलेश यादव मुसलमान हो गए हैं? वह काबा क्यों जा रहे हैं?' लेकिन अखिलेश यादव हिंदू हैं।"

उन्होंने कहा कि वह हनुमान, भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम की पूजा करते हैं, तो जब वह जाते हैं, तो किसी को तकलीफ क्यों होती है? ये देश को धर्म के नाम पर बांटना चाहते हैं। कोई भी इंसान जो अपने धर्म पर चलेगा, अपने धर्म को मानेगा, वो गलत हो ही नहीं सकता।

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर कहा कि जहां से वो मूल रूप से हैं, जहां से वो सांसद हैं, जहां उनकी पार्टी सालों से काम कर रही है, जहां उनके इतने विधायक हैं, वहां वो मुख्यमंत्री बनाकर दिखाएं। अपने सबसे मजबूत राज्य में भी वो आज तक कुछ हासिल नहीं कर पाए। इस बयान से वो ध्रुवीकरण कर रहे हैं। इस बयान से वो भाजपा को जिताना चाहते हैं।

ओवैसी की सपा प्रमुख अखिलेश यादव की अयोध्या की प्रस्तावित यात्रा पर की गई टिप्पणी को लेकर अबू आजमी ने कहा कि इससे उन्हें क्या फर्क पड़ रहा है? हम इस बार समाजवादी पार्टी को जिताने और सरकार बनाने के लिए जो भी जरूरी होगा, सब करेंगे। अखिलेश यादव के लिए यह कोई नई बात नहीं है। अखिलेश यादव पहले इसलिए नहीं गए क्योंकि वहां भाजपा का अहंकार है। भाजपा के लोग हमें सिखाएंगे कि आओ या नहीं।

एनसीपी के विलय पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बयान को लेकर अबू आजमी ने कहा कि मैं तो दुआ भी करुंगा कि अगर दोनों का विलय हो जाए और दोनों राष्ट्रवादी पार्टियां एक हो जाएं, तो यह अच्छी बात होगी। यह एक ही परिवार है।

--आईएएनएस

केके/एबीएम

Share this story