Samachar Nama
×

महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश, 'ऑरेंज अलर्ट' के बीच पालघर में 6 जुलाई को बंद रहेंगे स्कूल

महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश, 'ऑरेंज अलर्ट' के बीच पालघर में 6 जुलाई को बंद रहेंगे स्कूल
महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश, 'ऑरेंज अलर्ट' के बीच पालघर में 6 जुलाई को बंद रहेंगे स्कूल

पालघर, 5 जुलाई (आईएएनएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 6 जुलाई 2026 के लिए पालघर जिले में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया। वहीं, ऑरेंज अलर्ट और जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को जिले के सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक अपने-अपने क्षेत्र में वर्षा की स्थिति और स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करते हुए स्वयं निर्णय ले सकेंगे। जरूरत पड़ने पर ऑनलाइन कक्षाएं भी संचालित की जा सकती हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

आदेश में कहा गया कि क्षेत्रीय मौसम विभाग की पूर्व चेतावनी, स्थानीय परिस्थितियों तथा आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 एवं शासन के संबंधित परिपत्र के प्रावधानों के अनुसार यह अधिकार सक्षम प्राधिकारी को प्राप्त है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा पालघर जिले के लिए 6 जुलाई को 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। वर्तमान में जिले में हो रही भारी वर्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने निर्देश दिए हैं कि यदि किसी क्षेत्र में वर्षा की तीव्रता अधिक हो तो संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक अवकाश घोषित करें। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन कक्षाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें।

यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश दिनांक 5 जुलाई 2026 को पालघर में जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ के हस्ताक्षर एवं कार्यालय की मुहर के साथ जारी किया गया।

मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सबसे अधिक प्रभावित स्थानों में कुर्ला स्थित लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) रेलवे स्टेशन परिसर शामिल है, जहां भारी जलभराव के चलते यात्रियों और वाहन चालकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

लगातार हो रही बारिश के प्रभाव को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और ठाणे जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने और सतर्क रहने की अपील की है।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story

Tags