ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर बोले पूर्व डीजीपी एसपी वैद, सेना की कार्रवाई और सुरक्षा तंत्र सराहनीय
जम्मू, 7 मई (आईएएनएस)। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर जम्मू-कश्मीर के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एस.पी. वैद ने भारतीय सेना की कार्रवाई, सुरक्षा तंत्र और देश की रक्षा तैयारियों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री द्वारा ऑपरेशन को लेकर कही गई बातें पूरी तरह सही हैं और पूरे देश को अपनी सेना पर गर्व होना चाहिए।
पूर्व पुलिस महानिदेशक एस.पी. वैद ने कहा कि जिस सटीकता और स्वदेशी तकनीक के साथ भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया, वह बेहद प्रशंसनीय है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञ भी इस अभियान की रणनीति और तकनीकी क्षमता की तारीफ कर रहे हैं। उनके अनुसार, भारत की “आत्मनिर्भर” रक्षा तकनीक और मजबूत हवाई सुरक्षा प्रणाली ने पाकिस्तान को पूरी तरह असहाय कर दिया। पाकिस्तान भारतीय सीमा के भीतर किसी भी बड़े नुकसान को अंजाम देने में सफल नहीं हो सका, जो भारत की सुरक्षा क्षमता को दर्शाता है।
पंजाब में जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों को लेकर एस.पी. वैद ने कहा कि पंजाब पुलिस के दावों पर भरोसा किया जाना चाहिए। पंजाब के डीजीपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई, खालिस्तानी तत्वों का इस्तेमाल कर ऐसी घटनाओं को अंजाम दिलवा रही है।
वैद ने कहा कि पुलिस तथ्यों और सबूतों के आधार पर बात करती है और इस मामले में दो संदिग्धों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है, जिनमें एक गैंगस्टर शामिल बताया जा रहा है।
मुंबई 2008 आतंकी हमले का जिक्र करते हुए एस.पी. वैद ने कहा कि उस समय भारत को पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी जवाबी कार्रवाई अगर पहले किया जाता तो पाकिस्तान को पहले ही स्पष्ट संदेश मिल जाता।
वैद के अनुसार, अब पाकिस्तान भारत की सैन्य क्षमता से भयभीत है और ब्रह्मोस मिसाइल जैसी तकनीकों ने उसकी रूह तक हिला दी है।” वहीं, पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना पर भी एस.पी. वैद ने चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस हत्या की पहले से रेकी की गई थी और जिस तरह से हमलावरों ने वाहन रोककर दोनों ओर से गोलीबारी की, उससे साफ है कि यह पूरी तरह सुनियोजित हमला था। उन्होंने इसे गंभीर कानून-व्यवस्था का मामला बताया।
वैद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लगातार राजनीतिक हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं और नई सरकार बनने के बाद सबसे पहली प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को सुधार होना चाहिए।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी

