'ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट' के तहत गौतमबुद्धनगर में सघन चेकिंग अभियान, 67 हजार से अधिक वाहनों का चालान
नोएडा, 2 फरवरी (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 'ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट' के अंतर्गत 23 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में यह अभियान नोएडा, सेंट्रल नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा तीनों जोनों में प्रभावी रूप से संचालित किया गया।
अभियान के दौरान कमिश्नरेट क्षेत्र में कुल 1330 स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें 67,480 वाहनों का चालान किया गया। इनमें ई-चालान भी शामिल हैं। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए 661 चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की गई, जबकि 482 वाहनों को सीज किया गया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने के मामलों में 5484 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 292 तथा 260 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की गई।
नोएडा जोन में डीसीपी यमुना प्रसाद के नेतृत्व में 438 स्थानों पर चेकिंग करते हुए 30,818 वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 9955 वाहनों का ई-चालान किया गया तथा 267 वाहनों को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त 4006 व्यक्तियों के विरुद्ध सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के मामलों में कार्रवाई की गई।
सेंट्रल नोएडा जोन में डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में 445 स्थानों पर चेकिंग के दौरान 16,871 वाहनों की जांच हुई। इस दौरान 2947 वाहनों का ई-चालान किया गया और 22 वाहनों को सीज किया गया। साथ ही 966 व्यक्तियों पर बीएनएस की धारा 292 तथा 131 व्यक्तियों पर बीएनएसएस की धाराओं में कार्रवाई की गई।
ग्रेटर नोएडा जोन में डीसीपी साद मिया खान के नेतृत्व में 378 स्थानों पर चेकिंग कर 17,333 वाहनों की जांच की गई। नियमों के उल्लंघन पर 3820 वाहनों का ई-चालान किया गया और 75 वाहनों को सीज किया गया। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वाले 512 व्यक्तियों पर भी कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त डीसीपी यातायात मनीषा सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा 50,758 वाहनों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की गई तथा 118 वाहनों को सीज किया गया। अभियान के दौरान अत्यधिक नशे की स्थिति में वाहन चला रहे 30 व्यक्तियों को सुरक्षा की दृष्टि से वाहन चलाने से रोका गया और उन्हें सुरक्षित माध्यम से उनके घर पहुंचाया गया। पुलिस कमिश्नर के निर्देशन और अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में यह अभियान निरंतर जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएमटी

