Samachar Nama
×

'ऑपरेशन गंगा' में मोहनलाल के साथ काम करना किसी आशीर्वाद से कम नहीं : भाग्यश्री बोरसे

'ऑपरेशन गंगा' में मोहनलाल के साथ काम करना किसी आशीर्वाद से कम नहीं : भाग्यश्री बोरसे
'ऑपरेशन गंगा' में मोहनलाल के साथ काम करना किसी आशीर्वाद से कम नहीं : भाग्यश्री बोरसे

मुंबई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री भाग्यश्री बोरसे मोहन पैन-इंडिया एक्शन ड्रामा फिल्म 'ऑपरेशन गंगा' में नजर आएंगी। गुरुवार को अभिनेत्री ने फिल्म में मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करने पर अपना अनुभव साझा किया। साथ ही उनके लिए यह किसी आशीर्वाद से कम नहीं है।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर मोहन लाल के साथ तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने सुपरस्टार मोहन लाल के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करने के अपने अनुभव के बारे में बताते हुए लिखा, "मोहनलाल सर, आपके साथ काम करना मेरे लिए किसी आशीर्वाद जैसा है। शूट के हर दिन मुझे आपकी आंखों से सिनेमा को देखने और आपसे सीखने का मौका मिलता है। आप सच में बहुत प्रतिभाशाली हैं सर।"

इस फिल्म को नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले फिल्ममेकर विष्णु मोहन ने डायरेक्ट किया है, जो ब्लॉकबस्टर 'मेप्पाडियन' को डायरेक्ट करने के लिए जाने जाते हैं।

'ऑपरेशन गंगा' एक हाई-ऑक्टेन सरवाइवल थ्रिलर ड्रामा होगी, जिसमें मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल के अलावा बॉलीवुड एक्टर अर्जुन रामपाल, एक्ट्रेस भाग्यश्री बोरसे, एक्टर पार्थिबन और आदिल हुसैन भी होंगे। फिल्म की शूटिंग इस समय जॉर्जिया में चल रही है और यह मोहनलाल के करियर की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है।

'ऑपरेशन गंगा' की टीम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि फिल्म की क्रू जॉर्जिया में फिल्म के कुछ अहम सीन्स की शूटिंग कर रही थी। पहले इसे अस्थायी तौर पर एल367 कहा जा रहा था, बाद में इसका नाम 'ऑपरेशन गंगा' रखा गया।

'ऑपरेशन गंगा' भारत के उस बचाव मिशन को कहा जाता है, जिसे रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों, जिनमें हजारों छात्र भी शामिल थे, को वापस लाने के लिए शुरू किया गया था। 'ए नेशन'स प्रॉमिस' टैगलाइन वाली फिल्म 'ऑपरेशन गंगा', अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर भारत द्वारा चलाए गए सबसे साहसिक और दिलचस्प ऑपरेशनों में से एक पर आधारित होगी।

फिल्म का निर्माण 'श्री गोकुलम मूवीज' के बैनर तले किया जा रहा है। एक्शन डायरेक्टर सी यंग ओह फिल्म के एक्शन सीन कोरियोग्राफ करेंगे, जिन्होंने 'धुरंधर' और 'किल' में काम किया है। म्यूजिक कंपोजर शाश्वत सचदेव हैं, जो पैन-इंडिया फिल्म 'धुरंधर' की सफलता के बाद अब 'ऑपरेशन गंगा' का म्यूजिक दे रहे हैं।

--आईएएनएस

एनएस/वीसी

Share this story