ऑपरेशन 'आघात' का बड़ा प्रहार: जशपुर में 552 किलो गांजा और तीन कारें जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
जशपुर, 15 जुलाई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन आघात' के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जशपुर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में लगभग 552 किलो गांजा, तीन कारें और अन्य सामान समेत कुल 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दीपक कुमार झा के निर्देशन में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एमसीबी पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह से प्राप्त महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर डीआईजी एवं जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में कुनकुरी और बगीचा क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक इनोवा कार की तलाशी लेने पर 311 किलो 35 ग्राम गांजा बरामद किया गया। वहीं बगीचा क्षेत्र में एक ब्रेजा कार से 240 किलो 810 ग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखने और रेकी करने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक कार को भी पकड़ लिया।
अर्टिगा कार से पुलिस ने सचिन्द्र राउत और मोहम्मद समीर, दोनों निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा), को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में दोनों के अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त करते हुए कुल 552.16 किलो गांजा अपने कब्जे में लिया है। आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान जारी है।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम

