ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तंज, बोले-रामलला के दर्शन के लिए दिल्ली वाले बड़े भाई को भी साथ ले जाइए
लखनऊ, 8 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की बात पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने निशाना साधा है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर उन्हें सलाह दी कि अयोध्या जाते समय दिल्ली में रहने वाले अपने बड़े भाई को भी साथ ले जाएं। राजभर का इशारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर था।
ओपी राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा कि अखिलेश यादव जब अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की बात कर ही रहे हैं तो उन्हें अपने बड़े भाई को भी साथ ले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अयोध्या ले जाकर अपनी आंखों से रामजन्मभूमि और रामलला के दर्शन करने के लिए कहना चाहिए। राजभर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं और उनकी पार्टी ने ही भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताया था।
उन्होंने कहा कि अखिलेश अपने बड़े भाई से यह भी कहें कि वे कांग्रेस की ऐतिहासिक गलतियों का बोझ आगे न ढोएं। रामलला के सामने सिर झुकाकर अपने पूर्वजों की गलतियों का प्रायश्चित करें। राजभर ने दावा किया कि अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है और विदेशी आक्रांताओं ने वहां मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाई थी।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि जब अखिलेश रामलला के दर्शन करने जाएं तो उन कारसेवकों की आत्मा से भी क्षमा मांगें, जिन पर उनकी पार्टी की सरकार के दौरान गोलियां चलवाई गई थीं। राजभर ने सपा पर मुस्लिम वोटों की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश ने मुस्लिम वोटों के लिए बहुत टोपी पहनी और मुसलमानों को भी टोपी पहनाई।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आखिरकार भगवान श्रीराम की शरण में ही आना था तो इतनी देर क्यों कर दी? हालांकि, उन्होंने अखिलेश के अयोध्या जाने के फैसले का स्वागत भी किया। उनके मुताबिक, अयोध्या की पवित्र धरती पर पहुंचकर राजनीति से ऊपर उठकर सच्चाई को समझने का मौका मिलेगा।
राजभर ने दीपोत्सव और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उन लोगों पर भी निशाना साधा, जो यह दावा कर रहे हैं कि अयोध्या का यह आखिरी दीपोत्सव था। उन्होंने कहा कि अगले साल भी अयोध्या में भव्य और दिव्य दीपोत्सव आयोजित होगा। लाखों दीप जलेंगे और रामनगरी फिर रोशनी से जगमगाएगी।
उन्होंने अखिलेश को इस साल के दीपोत्सव का वीडियो देखने की सलाह दी। राजभर ने कहा कि राम की पैड़ी पर पैर रखने तक की जगह नहीं थी। वहां मौजूद लोगों को केवल भीड़ समझने के बजाय उनके चेहरों, आस्था और भावनाओं को समझने की जरूरत है। उन्होंने लिखा, ''राम को समझना है तो पहले लोक को समझिए। जिस दिन लोक समझ में आ गया, उस दिन राम भी समझ में आ जाएंगे।''
राजभर ने अखिलेश यादव को अगले साल के दीपोत्सव में शामिल होने का न्योता भी दिया और कहा कि इस बार वीडियो देखिए, अगली बार खुद अयोध्या आकर राम की पैड़ी पर दीपोत्सव देखिए और लोगों की आस्था को महसूस कीजिए।
पोस्ट के अंत में उन्होंने जय भारत, जय श्री राम, जय श्रीकृष्ण और जय महाराजा सुहेलदेव का नारा भी लिखा। बता दें कि अखिलेश यादव आगामी 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या जाने वाले हैं।
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम

