Samachar Nama
×

वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए कितनी तैयार टीम इंडिया? टीम मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स के सामने खड़े कई बड़े सवाल

वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए कितनी तैयार टीम इंडिया? टीम मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स के सामने खड़े कई बड़े सवाल
वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए कितनी तैयार टीम इंडिया? टीम मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स के सामने खड़े कई बड़े सवाल

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। वनडे वर्ल्ड कप 2027 के शेड्यूल का ऐलान हो चुका है। साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे की संयुक्त मेजबानी में अगले साल यह विश्व कप खेला जाना है। भारतीय टीम अपने अभियान का आगाज 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। हालांकि, टीम मैनेजमेंट और सिलेक्टर्स के सामने भारत के स्क्वॉड को लेकर कई बड़े सवाल हैं, जिनका जवाब और समाधान वक्त रहते खोजना है।

तैयार नहीं बैकअप ओपनर: वनडे विश्व कप 2027 में शुभमन गिल और रोहित शर्मा पारी का आगाज करेंगे यह बात तो तय है, लेकिन अगर इन दोनों बल्लेबाजों में से कोई एक चोटिल हो जाता है, तो भारत ने अब तक बैकअप ओपनर तैयार नहीं किए हैं। यशस्वी जायसवाल को हर बार वनडे टीम में चुना जाता है, लेकिन वह बेंच पर ही बैठे रह जाते हैं।

यशस्वी ने अपने वनडे करियर में कुल 6 मैच खेले हैं, जबकि इस साल उन्हें सिर्फ दो वनडे खेलने का मौका मिला है। टीम मैनेजमेंट अगर ईशान को विकल्प के तौर पर देख रहा है, तो उन्होंने भी साल 2026 में महज 5 वनडे मैच खेले हैं। हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ हुई सीरीज में यशस्वी को मौका नहीं मिला था।

बिखर नजर आ रहा मिडिल ऑर्डर: भारतीय टीम के सामने मिडिल ऑर्डर भी बड़ी चुनौती नजर आ रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ हुई वनडे सीरीज में ईशान किशन एक मैच में नंबर चार पर खेले थे, तो एक मुकाबले में श्रेयस अय्यर को इस पोजीशन पर उतारा गया था। केएल राहुल की बैटिंग पोजीशन को भी लगातार बदला गया है। टीम मैनेजमेंट किस बल्लेबाज को किस पोजीशन पर खिलाना चाहता है यह अब तक तय नहीं हो सका है।

भारत को वनडे विश्व कप से पहले अब 11 एकदिवसीय मैच और एशिया कप ही खेलना है, ऐसे में मिडिल ऑर्डर का कॉम्बिनेशन क्या होगा यह तय करना जरूरी है। लोअर ऑर्डर में भी चिंता का विषय है, क्योंकि वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है।

विकेटकीपर को लेकर सस्पेंस: वनडे विश्व कप 2027 में भारत के लिए विकेटकीपर की जिम्मेदारी कौन संभालेगा यह भी तय नहीं है। केएल राहुल आमतौर पर वनडे में कीपर के दस्ताने पहने हुए नजर आए हैं। हालांकि, साउथ अफ्रीका जैसी कंडिशंस में राहुल के लिए कीपिंग एक चुनौती साबित हो सकती है। ऋषभ पंत को टीम से बाहर करके यह संदेश दे दिया गया है कि वह शायद टीम की योजना में फिट नहीं बैठ रहे हैं। ईशान किशन को बतौर विकेटकीपर वनडे में पर्याप्त मौके नहीं मिले हैं।

तय नजर नहीं आ रहा तेज गेंदबाजी अटैक: साउथ अफ्रीका की कंडिशंस में तेज गेंदबाजों का रोल काफी अहम होगा। भारतीय टीम का पेस अटैक विश्व कप के लिए क्या होगा इसको लेकर स्थिति क्लियर नहीं है। बुमराह ने पिछले वनडे विश्व कप के बाद से अब तक महज 2 ही वनडे मुकाबले खेले हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में हुए एकदिवसीय सीरीज में बुमराह को वनडे टीम में नहीं रखा गया था।

प्रसिद्ध कृष्णा का बार-बार चोटिल होना चिंता का विषय है। अर्शदीप टी20 की तरह वनडे में उतने असरदार नजर नहीं आए हैं। गुरनूर बरार को तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर आजमाया जा रहा है लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में हुई सीरीज में वह काफी महंगे साबित हुए थे। हर्षित राणा भी इन दिनों चोटों से जूझते नजर आए हैं। बैकअप गेंदबाज के तौर पर मोहम्मद सिराज और अंशुल कंबोज कोई खास प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Share this story