वनडे सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया, जिम्बाब्वे को होगी दौरे की पहली जीत की तलाश
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार को वडोदरा के बीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। स्मृति मंधाना की अगुवाई में टीम इंडिया सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
वहीं, जिम्बाब्वे को इस दौरे पर अपनी पहली जीत की तलाश होगी। पहले वनडे में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था। श्री चरणी ने बेहतरीन गेंदबाजी की थी और 4 विकेट चटकाते हुए जिम्बाब्वे की पूरी टीम को सिर्फ 197 रनों पर समेटने में अहम किरदार निभाया था। वहीं, क्रांति गौड़ ने भी 42 रन देकर 3 विकेट निकाले थे। दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन भी गेंद से दमदार रहा था।
बल्लेबाजी में प्रतिका रावल ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए शतकीय पारी खेली थी। प्रतिका ने सिर्फ 96 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की नाबाद पारी खेली। प्रतिका ने अपनी इस पारी में 15 चौके लगाए। वहीं, शेफाली वर्मा टी20 की फॉर्म को पहले वनडे में भी बरकरार रखने में सफल रही थीं। उन्होंने महज 33 गेंदों में 64 रनों की नाबाद पारी खेली थी। स्मृति मंधाना ने भी 32 रनों का योगदान दिया था। भारतीय टीम का बैटिंग ऑर्डर जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में भी अच्छी फॉर्म में दिखाई दिया था।
दूसरी ओर, जिम्बाब्वे के लिए उनकी बल्लेबाजी चिंता का विषय रही है। स्पिन गेंदबाजों के आगे टीम की बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेके हैं। बिलव्ड बीजा ही जिम्बाब्वे की ओर से अकेले संघर्ष करती नजर आई थीं और उन्होंने 62 रनों की दमदार पारी खेली थी। टीम की पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सकी थीं। टीम की गेंदबाज भी पहले वनडे में लय से भटकी हुई नजर आई थीं।
पहले वनडे में बीसीए क्रिकेट स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों के मुफीद नजर आई थी। स्पिनर्स को पिच से अच्छा टर्न मिलता दिखाई दिया था। हालांकि, क्रीज पर सेट होने के बाद बल्लेबाजों ने भी आसानी से रन बटोरे थे। इस मैदान पर पहली पारी का औसतन स्कोर 266 रन रहा है, जबकि दूसरी इनिंग का एवरेज स्कोर 203 रन रहा है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, वडोदरा में रविवार को मौसम पूरी तरह से साफ रहने की संभावना है और बारिश होने की कोई आशंका नहीं है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

