Samachar Nama
×

छठ पूजा के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य, दिल्ली से अमेरिका तक दिखी श्रद्धालुओं की आस्था

छठ पूजा के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य, दिल्ली से अमेरिका तक दिखी श्रद्धालुओं की आस्था

छठ पूजा का आज चौथा और अंतिम दिन है। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही लाखों व्रतियों का 36 घंटे का निर्जल व्रत पूरा हुआ। सुबह सूर्योदय से पहले ही देशभर के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। व्रती परिवार के साथ घाटों पर पहुंचे और सूर्य देव को अर्घ्य देकर छठी मैया से सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में छठ पूजा को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। कई व्रती रात में ही घाटों पर पहुंच गए थे और वहीं रात बिताई। गंगा, यमुना और अन्य प्रमुख नदियों के किनारे बने घाटों पर सुबह से ही छठ गीत और पूजा-पाठ का माहौल देखने को मिला।

दिल्ली में छठ व्रतियों और उनके परिवारों की सुविधा के लिए मेट्रो सेवाएं सुबह 4:30 बजे से शुरू कर दी गई थीं। दिल्ली पुलिस के अनुसार, सूर्योदय के समय यमुना के घाटों पर करीब सवा लाख लोग मौजूद रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए।

छठ पर्व की आस्था भारत तक सीमित नहीं रही। अमेरिका के वॉशिंगटन में पोटोमैक नदी के किनारे भी पूर्वांचल के लोगों ने छठ पूजा की। यहां श्रद्धालुओं ने परंपरागत तरीके से भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया की पूजा की।

बिहार के मोतिहारी सेंट्रल जेल में भी छठ पूजा का आयोजन हुआ। जेल परिसर में कैदियों के लिए विशेष घाट तैयार किया गया था। यहां 75 महिलाओं और 62 पुरुषों समेत कई कैदियों ने छठ पूजा में हिस्सा लिया। व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा की और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपना व्रत पूरा किया।

चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। इसके साथ ही व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जल व्रत का पारण किया। घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर छठ पर्व की गहरी आस्था और सामाजिक एकजुटता की तस्वीर पेश की।

Share this story

Tags