Samachar Nama
×

ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले-दलित महापुरुषों से चिढ़ते हैं सपा प्रमुख

ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले-दलित महापुरुषों से चिढ़ते हैं सपा प्रमुख
ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले-दलित महापुरुषों से चिढ़ते हैं सपा प्रमुख

लखनऊ, 20 सितम्बर (आईएएनएस)।। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) के नारे को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने पीडीए को ‘ढकोसला’ बताते हुए अखिलेश यादव पर दलितों और दलित महापुरुषों के प्रति कथित तौर पर विरोधी रवैया रखने का आरोप लगाया।

राजभर ने कहा कि सपा सरकार के दौरान बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की सबसे ज्यादा प्रतिमाएं तोड़ी गईं और दलितों पर अत्याचार के मामले बढ़े। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव कभी पीडीए को पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक बताते हैं तो कभी पी से पंडित, डी से दलित और ए से अहीर कहते हैं। कभी ए से अल्पसंख्यक, कभी आधी आबादी और कभी अगड़ा बता देते हैं।

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव दलितों से नफरत करते हैं और दलित महापुरुषों की प्रतिमाएं देखकर उन्हें ज्यादा चिढ़ होती है। उन्होंने कहा कि 2012 में अखिलेश यादव ने सरकार बनाई और 2017 तक समाजवादी पार्टी के गुंडों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की असंख्य मूर्तियां तोड़ डालीं। उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा सबसे ज्यादा समाजवादी पार्टी की सरकार में तोड़ी गईं। उन्होंने जौनपुर, मऊ, सीतापुर और आजमगढ़ समेत कई जिलों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे तमाम मामले सामने आए थे।

ओमप्रकाश राजभर ने आगरा के एक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि सपा सरकार में दलित ग्राम प्रधान को सपाइयों ने पीट-पीटकर मार डाला था। उनके अनुसार, ग्राम प्रधान का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने सपा को वोट नहीं दिया था। राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग आंबेडकर से संबंधित आंकड़े उठाकर देखें तो अखिलेश राज में दलितों के ऊपर अत्याचार कई गुना बढ़ा था। उन्होंने दावा किया कि बाबा साहब की प्रतिमा तोड़े जाने का रिकॉर्ड भी समाजवादी पार्टी की सरकार में सबसे ज्यादा रहा।

राजभर ने कहा कि आज भी उत्तर प्रदेश में दलित अत्याचार के मामलों में यादव और मुस्लिम यानी सपा के वोटर ही सबसे आगे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और सैफई के उनके परिवार का बसपा सुप्रीमो मायावती के प्रति क्या विचार रहा है, यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने 2 जून 1995 के लखनऊ गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए कहा, “सपाई गुंडे मायावती की हत्या करना चाहते थे। संयोग से वहां बीजेपी के नेता पहुंच गए। बीजेपी के लोग नहीं होते तो शायद मायावती की हत्या कर दी जाती। किसी तरह से उनकी जान बची थी।”

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव दलित सम्मान की बात करते हैं, लेकिन उनके शासनकाल में दलित बेटियों के साथ जितना जुर्म हुआ, उसे कौन नहीं जानता। उन्होंने कहा कि आज वक्त बदल गया है और योगी सरकार में दलित महापुरुषों को सम्मान मिल रहा है तथा दलित नायकों को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के नाम पर बने पार्कों में यदि प्रतिमाएं पुरानी हो गई हैं तो उन्हें बदलने, बाउंड्री कराने और सौंदर्यीकरण के अन्य कार्यों के लिए सरकार ने अभी 500 करोड़ रुपये दिए हैं और सभी जगह काम शुरू हो गया है।

ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के नीले गमछे को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सोच रहे हैं कि बाबा साहब डॉ. आंबेडकर को आगे करके वोट ले लेंगे लेकिन उनके गले का नीला गमछा ही उनके गले का फांस है। उन्होंने कहा, “सिर पर लाल टोपी और गले में नीला गमछा 2 जून 1995 की घटना याद दिलाता है कि आपने मायावती के साथ गेस्ट हाउस कांड में सपा ने क्या किया था।” राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने आरक्षण में प्रमोशन का आरक्षण खत्म किया। उन्होंने कहा कि दलित महापुरुषों, बाबा साहब सहित अन्य के नाम से बने पार्क और जिले खत्म करने का काम भी अखिलेश यादव ने किया।

उन्होंने कहा कि दलितों के उत्थान और विकास के लिए महापुरुषों के नाम से बनी योजनाओं को भी खत्म करने का काम अखिलेश यादव ने किया। ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आज सभी महापुरुषों का सम्मान योगी सरकार में सुरक्षित है और कहीं कोई घटना नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों को लेकर मौजूदा सरकार जो काम कर रही है, अगर ऐसी सोच सत्ता में रहते हुए अखिलेश यादव के मन में पैदा हुई होती तो शायद कुछ कदम आगे बढ़ते। उन्होंने कहा, “इसलिए जिस सोच को लेकर अखिलेश यादव चल रहे हैं, उस पर 2027 में एक बार फिर पानी फिर जाएगा।

--आईएएनएस

विकेटी/पीएम

Share this story