उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की शादी की चर्चा, तस्वीरें पोस्ट कर लिखा- कल एक नई शुरुआत हुई
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। पूर्व पत्रकार निधि राजदान के साथ उनकी शादी की खबरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। शनिवार को उमर अब्दुल्ला ने दोनों की दो तस्वीरें पोस्ट कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'कल एक नई शुरुआत हुई, निधि।' पोस्ट में उन्होंने रिंग इमोजी भी लगाया। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स दोनों की शादी और सगाई को लेकर कयास लगाने लगे।निधि राजदान ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'इट्स डन ब्रो।' दोनों की पोस्ट सामने आने के बाद यूजर्स उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। हालांकि, इन पोस्ट के अलावा शादी के समारोह और उससे जुड़ी अन्य जानकारियों को लेकर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
31 जुलाई को पायल से हुआ था तलाक
उमर अब्दुल्ला की पहली शादी पायल नाथ से हुई थी। दोनों की शादी करीब 32 साल पहले हुई थी। हालांकि, वर्ष 2011 से दोनों अलग रह रहे थे। लंबे समय तक अलग रहने के बाद इस साल 31 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने उमर अब्दुल्ला और पायल के तलाक को मंजूरी दे दी थी।दोनों ने अदालत को बताया था कि वे आपसी सहमति से अपनी शादी खत्म करना चाहते हैं और सभी विवादों को सुलझाने का फैसला कर चुके हैं। उमर अब्दुल्ला ने सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उनकी शादी खत्म करने की याचिका खारिज कर दी गई थी।इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने 31 जुलाई को दोनों के तलाक को मंजूरी दे दी। इस फैसले के साथ करीब 32 साल पुराना वैवाहिक रिश्ता कानूनी रूप से समाप्त हो गया।
कौन हैं निधि राजदान?
निधि राजदान देश की जानी-मानी पूर्व टीवी पत्रकार हैं। उन्होंने लंबे समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में काम किया है। वह राजनीतिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग तथा टीवी कार्यक्रमों के जरिए अपनी पहचान बना चुकी हैं।
दिग्विजय सिंह ने भी पत्रकार अमृता राय से की थी शादी
राजनीति और पत्रकारिता से जुड़ी हस्तियों के विवाह का एक अन्य चर्चित उदाहरण मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का है। उन्होंने वर्ष 2015 में टीवी पत्रकार अमृता राय से शादी की थी। दोनों ने चेन्नई में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया था।फिलहाल उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बनी हुई हैं। दोनों की तस्वीरों और संदेशों के बाद लोग उनकी नई शुरुआत को लेकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

