Samachar Nama
×

मध्य पूर्व संकट: ओमान के सुल्तान और कुवैत के क्राउन प्रिंस से पीएम मोदी ने की बात, जताई चिंता

नई दिल्ली, 3 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दोपहर खाड़ी क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण नेताओं से फोन पर बात की। ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक और कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबा अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से उन्होंने वर्तमान सूरत-ए-हाल पर चिंता जताते हुए प्रवासी भारतीयों के कल्याण हेतु उचित कदम उठाने पर बात की।

प्रधानमंत्री ने दोनों देशों में हालिया हमलों पर चिंता जताई और वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कुशलक्षेम के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान क्षेत्रीय स्थिरता और शांति बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। भारत ने खाड़ी देशों के साथ अपने करीबी संबंधों को दोहराते हुए सहयोग और समन्वय जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

ये बातचीत मध्य पूर्व के बिगड़ते हालात और कई भारतीयों के विभिन्न देशों में फंसे होने के बीच हुई है। प्रधानमंत्री ने सोमवार को जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला II से बातचीत कर मिडिल ईस्ट में तेजी से बिगड़ते हालात पर गहरी चिंता व्यक्त की। यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच सैन्य टकराव तेज हो गया है और जवाबी हमलों और मिसाइल हमलों के चलते पड़ोसी देश भी इसकी चपेट में आ गए हैं।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने जॉर्डन के किंग से क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की और जॉर्डन की शांति, सुरक्षा तथा वहां के लोगों के कल्याण के लिए भारत के समर्थन को दोहराया।

पीएम मोदी ने मौजूदा संकट के दौरान जॉर्डन में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए किंग अब्दुल्ला द्वितीय का आभार भी जताया।

किंग अब्दुल्ला द्वितीय से यह बातचीत पीएम मोदी की बहरीन और सऊदी अरब के नेताओं से हुई चर्चाओं के बाद हुई है, जिनमें उन्होंने उनकी संप्रभुता पर हुए हमलों की निंदा की थी और भारत की एकजुटता जताई थी।

इन उच्चस्तरीय संपर्कों से स्पष्ट है कि भारत पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अपने बड़े प्रवासी भारतीय समुदाय की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है और साथ ही क्षेत्रीय स्थिरता व तनाव कम करने की वकालत कर रहा है।

भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार संयम, संवाद और शांतिपूर्ण समाधान की अपील की है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर भारत और जॉर्डन के बीच पारंपरिक रूप से मजबूत द्विपक्षीय संबंधों को रेखांकित किया, जो आपसी सम्मान और सहयोग पर आधारित हैं।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags