Samachar Nama
×

ओम प्रकाश राजभर के बयान पर भड़के संजय सिंह, बोले- आजमगढ़ ने दिए कई प्रतिभाशाली व्यक्तित्व, बदनाम करना उचित नहीं

लखनऊ, 2 जून (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने आजमगढ़ को समाजवादी पार्टी का गढ़ बताते हुए कहा था कि अधिकांश आतंकी वहीं से पकड़े जाते हैं।
ओम प्रकाश राजभर के बयान पर भड़के संजय सिंह, बोले- आजमगढ़ ने दिए कई प्रतिभाशाली व्यक्तित्व, बदनाम करना उचित नहीं

लखनऊ, 2 जून (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने आजमगढ़ को समाजवादी पार्टी का गढ़ बताते हुए कहा था कि अधिकांश आतंकी वहीं से पकड़े जाते हैं।

संजय सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि आजमगढ़ देश को कई प्रतिभाशाली व्यक्तित्व देने वाला जिला है और पूरे जिले को कुछ घटनाओं के आधार पर बदनाम करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा पहले हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करती रही है और अब उनके सहयोगी दल भी उसी राह पर चलते हुए जिलों और समुदायों को बदनाम करने का काम कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में अपराध और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरते हुए संजय सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के हालिया आंकड़े बताते हैं कि दुष्कर्म, हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में उत्तर प्रदेश लगातार शीर्ष राज्यों में बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल दावों और प्रचार के माध्यम से कानून व्यवस्था को बेहतर बताने की कोशिश कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे अलग है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाषण देने और कड़े बयान देने में जरूर प्रभावी हैं, लेकिन वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित काम नहीं हो रहा है।

संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह 'भारतीय जुमला पार्टी' बन गई है, जो बड़े-बड़े वादे कर जनता को भ्रमित करने का काम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है, स्कूलों को बंद किया जा रहा है और कई जगहों पर मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी उन्होंने सरकार की आलोचना की। संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश के कई सरकारी अस्पताल बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति ऐसी है कि कई स्थानों पर पर्याप्त संसाधनों का अभाव देखने को मिलता है।

इसके साथ ही उन्होंने युवाओं के रोजगार के मुद्दे को भी उठाया और कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी एक गंभीर समस्या बनी हुई है। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य लगातार संकट में डाला जा रहा है। उनके अनुसार सरकार रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रही है और युवाओं में निराशा बढ़ रही है।

संजय सिंह ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने आगामी चुनावों में एनडीए की सरकार बनने का दावा किया था। इस पर कटाक्ष करते हुए आप सांसद ने कहा कि यदि रामभद्राचार्य राजनीतिक भविष्यवाणियां कर रहे हैं तो पहले यह स्पष्ट करें कि वह स्वयं किस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने जा रहे हैं।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags