Samachar Nama
×

ऑयल ग्रीन एनर्जी में लीगल ऑफिसर सहित कई पदों पर नौकरी का मौका, 12 सितंबर तक करें आवेदन

ऑयल ग्रीन एनर्जी में लीगल ऑफिसर सहित कई पदों पर नौकरी का मौका, 12 सितंबर तक करें आवेदन
ऑयल ग्रीन एनर्जी में लीगल ऑफिसर सहित कई पदों पर नौकरी का मौका, 12 सितंबर तक करें आवेदन

नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। ऑयल ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (ओजीईएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। ओजीईएल ने संविदा के आधार पर लीगल ऑफिसर सहित अन्य कई खाली पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है।

ओजीईएल की ओर से जारी रिक्तियों में फाइनेंस ऑफिसर, लीगल ऑफिसर, एग्जीक्यूटिव ऑफिसर से सीईओ, सिविल इंजीनियर और कंपनी सेक्रेटरी के 1-1; और कॉन्ट्रैक्ट और प्रोक्योरमेंट ऑफिसर के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 13 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम 12 सितंबर तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय समय सीमा के अंदर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से फाइनेंस ऑफिसर के लिए सीए/सीएमए/एमबीए (फाइनेंस); लीगल ऑफिसर के लिए कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ फुल-टाइम एलएलबी (3 वर्ष या 5 वर्ष का इंटीग्रेटेड कोर्स) या एलएलएम; कॉन्ट्रैक्ट और प्रोक्योरमेंट ऑफिसर के लिए किसी भी विषय में इंजीनियरिंग डिग्री या एमबीए के साथ कॉमर्स ग्रेजुएट; एग्जीक्यूटिव ऑफिसर से सीईओ के लिए कम से कम 2 वर्ष की अवधि वाली किसी भी स्ट्रीम में मास्टर्स (पीजी) पास; सिविल इंजीनियर के लिए सिविल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक; और कंपनी सेक्रेटरी के लिए आईसीएसआई द्वारा आयोजित सीएस फाइनल परीक्षा पास के साथ इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) का एसोसिएट सदस्य होना चाहिए। इसके अलावा, सभी पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में 2 से 3 या उससे अधिक वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग और पर्सनल इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 60,000 से 80,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ओजीईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। इसके बाद संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स के साथ भरे हुए आवेदन पत्र को स्कैन कर एक ही पीडीएफ फाइल में अधिसूचना में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले मेल कर दें।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि यह कॉन्ट्रैक्ट शुरुआती तौर पर 3 वर्ष के लिए हो सकता है, जिसे परफॉर्मेंस और जरूरत के आधार पर एक वर्ष तक और बढ़ाया जा सकता है या फिर यह प्रोजेक्ट की अवधि तक ही सीमित रहेगा, इनमें से जो भी पहले हो।

--आईएएनएस

डीके/पीएम

Share this story