Samachar Nama
×

ओडिशा एसआई भर्ती पेपर लीक मामला: ईडी की बंगाल में 10 ठिकानों पर छापेमारी

ओडिशा एसआई भर्ती पेपर लीक मामला: ईडी की बंगाल में 10 ठिकानों पर छापेमारी
ओडिशा एसआई भर्ती पेपर लीक मामला: ईडी की बंगाल में 10 ठिकानों पर छापेमारी

भुवनेश्वर, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। ओडिशा में एसआई भर्ती परीक्षा-2024 के प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में 9 अक्टूबर 2026 को ईडी भुवनेश्वर जोन ओडिशा और पश्चिम बंगाल में स्थित 10 परिसरों पर तलाशी अभियान चला रहा है।

यह मामला अक्टूबर 2025 में ओडिशा पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर से जुड़ा है। 30 सितंबर 2025 को ओडिशा पुलिस ने इछापुरम (आंध्र प्रदेश और ओडिशा का सीमावर्ती शहर) के पास तीन बसों को रोका, जिनमें 114 उम्मीदवार सवार थे।

इन पर आरोप था कि उन्होंने 5 और 6 अक्टूबर 2025 को होने वाली एसआई भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र को लीक कर दिया था। इसके बदले में उम्मीदवारों को 15 लाख से 30 लाख रुपए तक की नकद राशि दी जा रही थी। बाद में यह मामला सीबीआई को सौंप दिया गया।

आरोप है कि प्रश्न पत्र उन संस्थाओं से जुड़े व्यक्तियों द्वारा लीक किया गया था, जिन्हें परीक्षा आयोजित करने का कार्य सौंपा गया था। इन लोगों ने उम्मीदवारों से संपर्क किया और उन्हें पैसे के बदले प्रश्न पत्र देने का लालच दिया और उनके मूल प्रमाण पत्रों को गारंटी के रूप में ले लिया। इस तलाशी के दौरान एजेंसियों और उनसे जुड़े व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। मेसर्स सिलिकॉन टेकलैब प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स पंचसॉफ्ट टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड तथा उनके निदेशकों के साथ-साथ अन्य व्यक्तियों को भी तलाशी के दायरे में लिया जा रहा है।

इससे पहले ईडी ने 8 अक्टूबर को पर्ल्स एग्रोटेक कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसीएल) द्वारा कृषि भूमि के विकास के लिए चलाई जा रही 48,000 करोड़ रुपए की सामूहिक निवेश योजना के सिलसिले में मुंबई, पुणे और रायगढ़ (महाराष्ट्र) में 567.45 करोड़ रुपए की अचल संपत्तियां जब्त की।

एक अधिकारी ने बताया कि पीएसीएल की संपत्तियों को ईडी के दिल्ली जोनल ऑफिस ने 'प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट' (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत जब्त किया।

ईडी ने प्रतीक कुमार, अंश प्रतीक कुमार और बीमिंग इन्फ्राडेवलपर्स, गणराज प्रॉपर्टीज और ग्रीनफील्ड एस्टेट्स लिमिटेड जैसी कंपनियों के नाम पर मौजूद 48 अचल संपत्तियों को जब्त किया है, जिनकी मौजूदा बाजार कीमत 567.45 करोड़ रुपए आंकी गई।

--आईएएनएस

एमएस/

Share this story

Tags