Samachar Nama
×

ओडिशा के केंद्रपाड़ा में बाढ़ का कहर, कुलासाही आश्रम में फंसे 255 छात्रों का रेस्क्यू

ओडिशा के केंद्रपाड़ा में बाढ़ का कहर, कुलासाही आश्रम में फंसे 255 छात्रों का रेस्क्यू
ओडिशा के केंद्रपाड़ा में बाढ़ का कहर, कुलासाही आश्रम में फंसे 255 छात्रों का रेस्क्यू

केंद्रपाड़ा, 19 अगस्त (आईएएनएस)। ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में भारी बारिश के बाद बाढ़ के हालात गंभीर बने हुए हैं। कुलासाही सेवाश्रम/आश्रम स्कूल में पानी भरने के बाद वहां करीब 255 छात्र फंस गए। छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स और फायर सर्विस की टीमों ने बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। प्रशासन के मुताबिक, बचाए गए छात्रों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर ठहराने की व्यवस्था की जा रही है।

बचाव अभियान के दौरान करीब 240 छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इन्हें महादेईपटना रेजिडेंशियल स्कूल में पहुंचाया गया है। प्रशासन का कहना है कि बाकी छात्रों को भी सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के बाद उनके अभिभावकों को सूचना दी जाएगी और स्थिति सामान्य होने पर उन्हें घर भेजा जाएगा।

केंद्रपाड़ा के सब-कलेक्टर अरुण कुमार नायक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि बच्चे करीब तीन दिनों से बाढ़ के पानी के बीच फंसे हुए थे। नदी में पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण शुरुआती दिनों में राहत और बचाव अभियान चलाना मुश्किल था। उन्होंने कहा कि अब परिस्थितियों में कुछ सुधार हुआ है और पानी का स्तर भी थोड़ा कम हुआ है। इसके बाद प्रशिक्षित टीमों की मदद से बच्चों को निकालने का अभियान तेज किया गया।

सब-कलेक्टर के मुताबिक, रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए कुल आठ टीमें तैनात की गई थीं। इन टीमों ने पेशेवर तरीके से काम करते हुए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। प्रशासन की ओर से बच्चों के रहने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का इंतजाम किया जा रहा है।

भाजपा विधायक दुर्गा प्रसन्न नायक ने क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति को लेकर कहा कि इस बार उम्मीद से कहीं अधिक बारिश हुई है। उनके मुताबिक, करीब 1,100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो पिछले 25 वर्षों में नहीं हुई थी। भारी बारिश के कारण ओडिशा के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हुए हैं।

विधायक ने कहा कि बाढ़ के दौरान कई बच्चे आश्रम के स्कूलों में फंसे हुए थे। सरकार की ओर से बच्चों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी, सब-कलेक्टर, बीडीओ और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा राहत और बचाव अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है।

वहीं, एडीएम नबा कृष्ण जेना ने बताया कि कुलासाही आश्रम स्कूल चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिर गया था। बच्चों को दूसरे स्कूल में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन और बचाव दल बच्चों को सुरक्षित निकालकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में जुटे हैं। भारी बारिश और बाढ़ के बीच प्रशासन ने राहत एवं बचाव व्यवस्था को 24 घंटे अलर्ट पर रखा है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्रों में बचाव अभियान लगातार जारी है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story

Tags