Samachar Nama
×

एकदिवसीय त्रिकोणीय सीरीज: अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को 7 विकेट से रौंदा, फाइनल में होगा जिम्बाब्वे से सामना

एकदिवसीय त्रिकोणीय सीरीज: अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को 7 विकेट से रौंदा, फाइनल में होगा जिम्बाब्वे से सामना
एकदिवसीय त्रिकोणीय सीरीज: अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को 7 विकेट से रौंदा, फाइनल में होगा जिम्बाब्वे से सामना

शारजाह, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ बुधवार को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 7 विकेट से जीत दर्ज की। करारी हार के साथ बांग्लादेशी टीम एकदिवसीय त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में जगह बनाने से चूक गई। फाइनल मैच 23 अक्टूबर को इसी मैदान पर अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाना है।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम 41.2 ओवरों में सिर्फ 160 रन पर सिमट गई। इस टीम को दूसरे ओवर की दूसरी और तीसरे गेंद पर क्रमश: तंजीद हसन (1) और सौम्य सरकार (0) के रूप में दो झटके लगे। दोनों विकेट यामीन अहमदजई के नाम रहे।

इसके बाद सैफ हसन ने नजमुल हुसैन शांतो के साथ तीसरे विकेट के लिए 21 रन जोड़कर टीम को 27 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन सातवें ओवर में अजमतुल्लाह उमरजई ने नजमुल हुसैन शांतो (15) और कप्तान तौहीद हिरदॉय (0) को पवेलियन लौटाकर बांग्लादेश को संकट में डाल दिया।

बांग्लादेश ने 28 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद सैफ हसन ने परवेज हुसैन इमोन के साथ पांचवें विकेट के लिए 147 गेंदों में 93 रन जोड़कर टीम को 121 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन सैफ हसन (41) के आउट होने के बाद एक बार फिर विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। 42वें ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर विकेट लेकर राशिद खान ने बांग्लादेश को महज 160 रन पर समेट दिया।

अफगानिस्तान की तरफ से दिग्गज स्पिनर राशिद खान ने 8.2 ओवरों में 31 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि अजमतुल्लाह उमरजई और यामीन अहमदजई ने 2-2 विकेट हासिल किए।

आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगान टीम ने 35.3 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। रहमानुल्लाह गुरबाज ने इब्राहिम जादरान के साथ पहले विकेट के लिए 26 रन की साझेदारी की। गुरबाज महज 6 रन बनाकर आउट हुए। 39 के स्कोर तक टीम ने सेदिकुल्लाह अटल (4) के रूप में अपना दूसरा विकेट भी गंवा दिया।

अफगान खेमा परेशानी में था। यहां से कप्तान रहमत शाह ने मोर्चा संभाला। उन्होंने इब्राहिम जादरान के साथ तीसरे विकेट के लिए 78 गेंदों में 56 रन की साझेदारी की। जादरान 48 गेंदों में 2 चौकों के साथ 34 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद रहमत शाह ने हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ चौथे विकेट के लिए 66 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई।

रहमत शाह 90 गेंदों में 5 चौकों के साथ 67 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि शाहिदी ने 54 गेंदों में 36 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 4 चौके शामिल रहे। बांग्लादेश की तरफ से तस्किन अहमद ने 36 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि मुस्तफिजुर रहमान को 1 विकेट हाथ लगा।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story