Samachar Nama
×

'ओ साथी रे' में दिखेगी अधूरी मोहब्बत की कहानी, इम्तियाज बोले-प्यार खूबसूरत है पर रिश्ता बराबर नहीं

'ओ साथी रे' में दिखेगी अधूरी मोहब्बत की कहानी, इम्तियाज बोले-प्यार खूबसूरत है पर रिश्ता बराबर नहीं
'ओ साथी रे' में दिखेगी अधूरी मोहब्बत की कहानी, इम्तियाज बोले-प्यार खूबसूरत है पर रिश्ता बराबर नहीं

मुंबई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। इम्तियाज अली आगामी वेब सीरीज 'ओ साथी रे' ओटीटी पर प्रदर्शित होने के लिए तैयार है। इम्तियाज अली ने कहा कि यह सीरीज एक मॉडर्न रोमांटिर शो है, जिसका दिल पुराने जमाने का है।

सीरीज के बारे में बात करते हुए इम्तियाज ने कहा, "'ओ साथी रे' एक मॉडर्न रोमांटिक शो है, जिसका दिल पुराने जमाने का है। कभी-कभी प्यार आपको सबसे अनजान जगहों पर मिलकर चौंका देता है। ये एक तलाक ले रहे कपल के बीच बढ़ते लगाव की कहानी है। लगाव में धड़कता हुआ दिल होता है, प्यार खूबसूरत होता है लेकिन रिश्ता बराबर नहीं हो सकता। 'ओ साथी रे' उन किरदारों की कहानी है, जो प्यार में मौजूद असमानता से गुजरते हैं। अपनी पहचान और चाहत को समझने से लेकर रिश्तों में पावर की लड़ाई और समझने और छोड़ देने के बीच के नाजुक बैलेंस तक। ये सीरीज प्यार को एक समझदार नजरिए से दिखाती है, जो आम रोमांटिक कहानियों से अलग है।"

इम्तियाज ने कहा, "एक परफेक्ट कपल होना कई बार बोझ भी बन जाता है। 'ओ साथी रे' में हमें देखने को मिलेगा कि जहां चाहत, सपने और साथ आने का नाम है, वहीं ये छोड़ देने की प्रक्रिया भी हो सकती है। किरदार कई परतों वाले और बिल्कुल असली जिंदगी जैसे हैं, इसीलिए हमने सबसे बेहतरीन एक्टर्स को लिया है।"

यह सीरीज एक ऐसे जोड़े की कहानी है जो तलाक की प्रक्रिया से गुजर रहा है। इसमें समकालीन रिश्तों की जटिलताओं, प्यार, अलगाव और त्याग की भावनाओं को बेहद मार्मिक अंदाज में दिखाया गया है।

आरिफ अली द्वारा निर्देशित सीरीज में अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इम्तियाज अली ने इस शो को बनाया, लिखा और संभाला है। विंडो सीट फिल्म्स (इम्तियाज अली, मोहित चौधरी और शिबाशीष सरकार) के बैनर तले वेब सीरीज 'ओ साथी रे' 4 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम

Share this story