Samachar Nama
×

एनवीडिया में जेनसन हुआंग की वापसी पर ट्रंप ने की न‍िदेशक मंडल की तारीफ, सही फैसला बताया

एनवीडिया में जेनसन हुआंग की वापसी पर ट्रंप ने की निदेशक मंडल की तारीफ, सही फैसला बताया
एनवीडिया में जेनसन हुआंग की वापसी पर ट्रंप ने की न‍िदेशक मंडल की तारीफ, सही फैसला बताया

वॉशिंगटन, 23 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्‍ट्रपत‍ि डोनाल्‍ड ट्रंप ने एनवीडिया के न‍िदेशक मंडल की तारीफ की। ट्रंप ने कहा क‍ि जेनसन हुआंग को फिर से सीईओ नियुक्त करके कंपनी ने बिल्कुल सही क‍िया।

ट्रंप ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर ल‍िखा, ''एनवीडिया के निदेशक मंडल ने जेनसन हुआंग को फिर से सीईओ नियुक्त करके बिल्कुल सही और उचित फैसला लिया है। देश को एनवीडिया में जेनसन के नेतृत्व की जरूरत है, ताकि न केवल कंपनी की सफलता और समृद्धि सुनिश्चित हो, बल्कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था भी मजबूत बनी रहे।''

ट्रंप ने पोस्‍ट में आगे ल‍िखा, ''संयुक्त राज्य सरकार के पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि जेनसन की एनवीडिया में वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा होगा। अमेरिका के अटॉर्नी जनरल ने भी पुष्टि की है कि अमेरिकी सरकार के पास ऐसा कोई सबूत नहीं हैं, जिससे यह साबित हो कि उन्होंने किसी गैरकानूनी गतिविधि में हिस्सा लिया है।''

ट्रंप ने कहा क‍ि व्यक्तिगत तौर पर, मुझे जेनसन को जानने का मौका मिला है और मैं उन्हें एक महान देशभक्त और राष्ट्रीय धरोहर मानता हूं। एनवीडिया को अमेरिकी निर्यात नियंत्रण के पालन को लेकर अपनी आंतरिक जांच पूरी गंभीरता से जारी रखनी चाहिए। इससे यह सुनिश्चित होगा कि कंपनी अपनी कानूनी जिम्मेदारियों और देशभक्ति के कर्तव्य का पालन कर रही है तथा अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा में अपना योगदान दे रही है।

एआई चिप्स की दुनिया की अग्रणी कंपनी एनवीडिया ने सोमवार को घोषणा की कि जेनसन हुआंग को तत्काल प्रभाव से फिर से कंपनी का प्रेसिडेंट, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का सदस्य नियुक्त कर दिया गया है। कंपनी के निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया।

एनवीडिया ने एक बयान में कहा कि बोर्ड ने हाल के दिनों में जेनसन हुआंग के साथ कई दौर की बैठकों और चर्चाओं के बाद यह निर्णय लिया है।

कंपनी ने कहा, "बोर्ड को हुआंग की पारदर्शिता, नेतृत्व क्षमता और कंपनी का नेतृत्व करने की योग्यता पर पूरा भरोसा है। इस प्रक्रिया के दौरान बोर्ड ने अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी परामर्श किया और प्राप्त फीडबैक के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला कि हुआंग की वापसी से किसी प्रकार का राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिम नहीं है।"

एनवीडिया बोर्ड के चेयरमैन हार्वे सी. जोन्स ने कहा, "बोर्ड का मानना है कि जेनसन हुआंग ही कंपनी का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं। उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, भागीदारों और ग्राहकों के सर्वोत्तम हित में है।" उन्होंने अंतरिम सीईओ के रूप में काम संभालने वाली कोलेट क्रेस की भी सराहना की, जो आगे भी कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाती रहेंगी।

--आईएएनएस

एवाई/एबीएम

Share this story

Tags