NEET UG विवाद के बाद NTA ने बदला ऑफिस, वीडियो में जाने CISF संभालेगी सुरक्षा; गोपनीय कामकाज पर होगी कड़ी निगरानी
NEET UG पेपर लीक और परीक्षा संचालन में हुई प्रशासनिक लापरवाही को लेकर उठे विवाद के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपने कामकाज को नए कार्यालय में शिफ्ट कर दिया है। अब नए परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को सौंपी गई है। खासतौर पर परीक्षा से जुड़े गोपनीय और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को पहले से ज्यादा मजबूत किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, NTA का नया कार्यालय दिल्ली के मिंटो रोड स्थित भारत सरकार प्रेस भवन में बनाया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस परिसर में NTA को 55 हजार वर्ग फुट से अधिक जगह आवंटित की गई है। इमारत की पांचवीं मंजिल के साथ-साथ चौथी और छठी मंजिल के कुछ हिस्से भी NTA के कामकाज के लिए दिए गए हैं।
गोपनीय क्षेत्रों की अलग से निगरानी
अधिकारी के मुताबिक, पिछले एक महीने में NTA के गोपनीय और संवेदनशील कार्यों को नए भवन में स्थानांतरित किया गया है। नए कार्यालय में ऐसे क्षेत्रों को अलग से चिन्हित किया गया है, जहां परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।इन क्षेत्रों में प्रवेश और निकासी को नियंत्रित किया जाएगा। यहां आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करेंगी कि परीक्षा संबंधी संवेदनशील जानकारी तक केवल अधिकृत लोगों की ही पहुंच हो।
डिजिटल सिस्टम को भी बनाया जाएगा सुरक्षित
NEET UG समेत अन्य परीक्षाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए NTA डिजिटल सिस्टम में भी कई बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सख्त एक्सेस कंट्रोल लागू किया जाएगा।इसके अलावा सिस्टम में एन्क्रिप्शन, सुरक्षित लॉगिंग और छेड़छाड़ का पता लगाने वाली स्टोरेज व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इसका उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाना और किसी भी तरह की अनधिकृत गतिविधि को रोकना है।
पेपर लीक विवाद के बाद उठाए गए कदम
NEET UG परीक्षा को लेकर सामने आए पेपर लीक के आरोपों और प्रशासनिक खामियों के बाद NTA की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। इसके बाद परीक्षा व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।नए कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के पीछे भी यही उद्देश्य बताया जा रहा है कि परीक्षा से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज, डिजिटल सिस्टम और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां पूरी तरह सुरक्षित रहें।CISF की तैनाती के बाद NTA परिसर में सुरक्षा का स्तर बढ़ जाएगा। इसके साथ ही परीक्षा संचालन से जुड़े कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए भी नई सुरक्षा प्रक्रियाएं लागू की जाएंगी।

