एनएसआईसी भर्ती 2026: चीफ जनरल मैनेजर सहित 41 पदों पर आवेदन जारी, जानें पात्रता और चयन प्रक्रिया
नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएसआईसी) ने निगम के विभिन्न कार्यात्मक क्षेत्रों में कुल 41 पदों पर नियमित नियुक्ति के लिए पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित करते हुए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एनएसआईसी की ओर से जारी 41 रिक्तियों में चीफ जनरल मैनेजर (ई-7) का 1 पद, डिप्टी जनरल मैनेजर (ई-4) के 3 पद, चीफ मैनेजर (ई-3) के 5 पद, मैनेजर (ई-2) के 2 पद, मैनेजर (एफ एंड ए) (ई-2) के 6 पद, डिप्टी मैनेजर (ई-1) के 7 पद, डिप्टी मैनेजर (एफ एंड ए) (ई-1) के 4 पद, असिस्टेंट मैनेजर (ई-0) के 11 पद और असिस्टेंट मैनेजर (एफ एंड ए) (ई-0) के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 नवंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 दिसंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनएसआईसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभ्यर्थियों को ऑनलाइन भरे गए आवेदन के प्रिंटआउट विस्तृत सीवी के साथ 'उप महाप्रबंधक - मानव संसाधन, द नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड, एनएसआईसी भवन, ओखला इंडस्ट्रियल एस्टेट, नई दिल्ली-110020' पते पर साधारण डाक/रजिस्टर्ड डाक/स्पीड पोस्ट/कूरियर/स्वयं जाकर 21 दिसंबर की शाम 6 बजे तक या उससे पहले पहुंचाना होगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ चीफ जनरल मैनेजर (ई-7) (मानव संसाधन) के लिए ग्रेजुएशन और एमबीए होना चाहिए, जिसमें मानव संसाधन प्रबंधन/मानव संसाधन विकास/प्रबंधन एवं औद्योगिक संबंध/लेबर वेलफेयर में स्पेशलाइजेशन हो।
डिप्टी जनरल मैनेजर (ई-4) (टेक्नोलॉजी) के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/कंप्यूटर साइंस में बीई/बीटेक; बिजनेस डेवलपमेंट के लिए स्नातक और दो वर्ष का एमबीए, जिसमें मार्केटिंग या फाइनेंस में स्पेशलाइजेशन हो या चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए)/कॉस्ट अकाउंटेंट (सीएमए) होना चाहिए।
चीफ मैनेजर (ई-3) (टेक्नोलॉजी) के लिए सिविल, मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक होना चाहिए।
मैनेजर (ई-2) (कानून और रिकवरी) के लिए स्नातक के साथ फर्स्ट क्लास एलएलबी डिग्री या पांच वर्ष की इंटीग्रेटेड लॉ डिग्री होनी चाहिए।
मैनेजर (एफ एंड ए) (ई-2) के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए)/सीएमए (आईसीडब्ल्यूए) या कॉमर्स में स्नातक के साथ दो वर्ष का एमबीए, जिसमें फाइनेंस में स्पेशलाइजेशन हो, होना चाहिए।
डिप्टी मैनेजर (ई-1) (कानून और वसूली) के लिए एलएलबी डिग्री या पाँच वर्षीय इंटीग्रेटेड लॉ डिग्री के साथ स्नातक; अनुबंध और खरीद के लिए मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल/सिविल में बीई/बीटेक डिग्री होनी चाहिए।
डिप्टी मैनेजर (एफ एंड ए) (ई-1) के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए)/सीएमए (आईसीडब्ल्यूए) या कॉमर्स में स्नातक के साथ दो वर्ष का एमबीए, जिसमें फाइनेंस में स्पेशलाइजेशन हो, होना चाहिए।
सहायक प्रबंधक (ई-0) (प्रौद्योगिकी) के लिए सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग/सूचना प्रौद्योगिकी या इनके संयोजन में 4 वर्षीय बीई/बीटेक डिग्री होनी चाहिए। हालांकि, इसके लिए केवल गेट परीक्षा उत्तीर्ण उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते हैं।
सहायक प्रबंधक (एफ एंड ए) (ई-0) के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए)/सीएमए (आईसीडब्ल्यूए) या वाणिज्य में स्नातक के साथ वित्त में विशेषज्ञता वाली 2 वर्षीय एमबीए डिग्री होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 2 से 21 वर्ष का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पदों के अनुसार 28 से 55 वर्ष के बीच तय की गई है। योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों के व्यक्तिगत साक्षात्कार, कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (कुछ पदों के लिए) आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पदों के अनुसार 30,000 से 2,60,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/महिला और विभागीय उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
कैंडिडेट्स को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एनएसआईसी की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित रिक्तियों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम

