Samachar Nama
×

एनपीसीआईएल में 80 अप्रेंटिस पदों के लिए आवेदन शुरू, 18 नवंबर तक युवाओं के पास अवसर

एनपीसीआईएल में 80 अप्रेंटिस पदों के लिए आवेदन शुरू, 18 नवंबर तक युवाओं के पास अवसर
एनपीसीआईएल में 80 अप्रेंटिस पदों के लिए आवेदन शुरू, 18 नवंबर तक युवाओं के पास अवसर

लखनऊ, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल) से जुड़कर अपने पेशेवर करियर की शुरुआत करने के इच्छुक युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, एनपीसीआईएल के नरोरा एटॉमिक पावर स्टेशन (एनएपीएस) ने एक वर्ष की अवधि के लिए ट्रेड अप्रेंटिस, डिप्लोमा अप्रेंटिस और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के कुल 80 पदों के लिए उम्मीदवारों से आवेदन एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर आमंत्रित किए हैं।

एनपीसीआईएल-एनएपीएस की ओर से अप्रेंटिस पोस्ट के लिए जारी 80 रिक्तियों में ट्रेड अप्रेंटिस के 50, डिप्लोमा अप्रेंटिस के 16 और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 14 पद शामिल हैं। वहीं, विभिन्न विषय के अनुसार जारी रिक्तियों में ट्रेड अप्रेंटिस-आईटीआई इलेक्ट्रीशियन के 25, ट्रेड अप्रेंटिस-आईटीआई फिटर के 16, ट्रेड अप्रेंटिस-आईटीआई इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक के 9, डिप्लोमा अप्रेंटिस-मैकेनिकल के 5, डिप्लोमा अप्रेंटिस-इलेक्ट्रिकल के 3, डिप्लोमा अप्रेंटिस-इलेक्ट्रॉनिक्स के 2, डिप्लोमा अप्रेंटिस-सिविल के 6, ग्रेजुएट अप्रेंटिस-मैकेनिकल के 4, ग्रेजुएट अप्रेंटिस-इलेक्ट्रिकल के 3, ग्रेजुएट अप्रेंटिस-ह्यूमन रिसोर्स के 3, ग्रेजुएट अप्रेंटिस-फाइनेंस और अकाउंट्स के 2 और ग्रेजुएट अप्रेंटिस-कॉन्ट्रैक्ट और मटेरियल मैनेजमेंट के 2 पद शामिल हैं।

अप्रेंटिस के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 29 अक्टूबर की सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 18 नवंबर की शाम 4 बजे तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एनपीसीआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया तय समय सीमा के अंदर पूरी कर सकते हैं। हालांकि, इससे पहले अभ्यर्थियों का ट्रेड अप्रेंटिस के लिए एनएपीएस और डिप्लोमा एवं ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए एनएटीएस पोर्टल पर रजिस्टर होना अनिवार्य है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से ट्रेड अप्रेंटिस के लिए संबंधित ट्रेड में फुल-टाइम/रेगुलर आईटीआई पास सर्टिफिकेट, डिप्लोमा अप्रेंटिस के लिए इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी में फुल-टाइम/रेगुलर डिप्लोमा पास सर्टिफिकेट और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी या बीबीए, बीए, बीएससी, बीकॉम में फुल-टाइम/रेगुलर ग्रेजुएशन की डिग्री या संबंधित विषय में समकक्ष डिग्री होनी चाहिए।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु ट्रेड अप्रेंटिस के लिए 24 वर्ष, डिप्लोमा अप्रेंटिस के लिए 25 वर्ष और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए 26 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि यानी 18 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच-पड़ताल, मेरिट सूची और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को प्रति माह ट्रेड अप्रेंटिस के लिए 10,560 से 11,040 रुपए के बीच, डिप्लोमा अप्रेंटिस के लिए 10,900 रुपए और ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए 12,300 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।

--आईएएनएस

डीके/पीएम

Share this story