एनपीसीआईएल जॉब अलर्ट: एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के 330 पदों पर भर्ती शुरू, 30 अप्रैल तक करें आवेदन
नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले योग्य उम्मीदवारों के लिए एनपीसीआईएल ने एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (ईटी) के कुल 330 पदों पर बंपर वैकेंसी निकाली है।
एनपीसीआईएल ने एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के जिन 330 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें मैकेनिकल के 125, कैमिकल के 40, इलेक्ट्रिकल के 65, इलेक्ट्रॉनिक्स के 50, इंस्ट्रुमेंटेशन के 15 और सिविल के 35 पद शामिल हैं। वहीं, जारी पदों में वर्तमान रिक्तियां- 314 और लंबित रिक्तियां- 16 हैं।
एग्जीक्यूटिव ट्रेनी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट के शाम 04.00 बजे से पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार बीई/बीटेक/बीएससी (इंजीनियरिंग)/5 वर्षीय एकीकृत एमटेक न्यूनतम 60% अंकों के साथ होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास वैध गेट (2024/2025/2026) स्कोर और अन्य निर्धारित पात्रता के अलावा तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 26 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 30 मार्च के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, पर्सनल इंटरव्यू, मेडिकल फिटनेस और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को शुरुआत में ट्रेनिंग के दौरान स्टाइपेंड के तौर पर 74,000 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। इसी के साथ उम्मीदवारों को 30,000 रुपए भत्ते के रूप में भी मिलेंगे। वहीं, इंटरव्यू 8 से 19 जून तक 'मुंबई, एनएपीएस (उत्तर प्रदेश), एमएपीएस (तमिलनाडु), केजीएस (कर्नाटक)' पते पर आयोजित होने की संभावना है।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो सामान्य/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी (केवल पुरुष उम्मीदवारों) के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/महिलाएं/दिव्यांग/पूर्व सैनिक/डीओडीपीकेआईए और एनपीसीआईएल कर्मचारियों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनपीसीआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र का प्रिंट आउट भविष्य के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/पीएम

