नॉर्थ रोहिणी में लूट का झूठा मामला, पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाया केस
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। नॉर्थ रोहिणी से शनिवार को एक अजीबो-गरीब मामला प्रकाश में आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल, नॉर्थ रोहिणी पुलिस स्टेशन में एक नकली लूट का मामला दर्ज किया गया, जिसे पुलिस ने अपनी तत्परता से सिर्फ 6 घंटे के भीतर सुलझा लिया।
लूट के संबंध में यह रिपोर्ट अभिषेक नामक एक व्यक्ति के द्वारा दर्ज कराई गई, जिसने पीसीआर कॉल के माध्यम से बताया कि बंदूक की नोक पर उसके साथ लूट की घटना हुई है। शिकायत के मुताबिक, नॉर्थ रोहिणी पुलिस स्टेशन में एक लूट का मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से नॉर्थ रोहिणी के स्टाफ ने दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान अनुज (उम्र 39 वर्ष) और भारत (उम्र 27 वर्ष) के रूप में हुई। इन दोनों की निशानदेही पर 6 लाख रुपए, एक खिलौना पिस्तौल और अपराध में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की गई। आगे की पूछताछ में पता चला कि यह घटना शिकायतकर्ता अभिषेक ने खुद ही रची थी।
पुलिस जांच में पता चला कि आर्थिक तंगी के कारण अभिषेक ने सह-आरोपियों अनुज, भारत और अजय के साथ मिलकर एक नकली लूट दिखाने और उसे सौंपे गए 17 लाख रुपए का गबन करने की साजिश रची थी। वहीं, पुलिस ने शिकायतकर्ता अभिषेक को भी गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आपराधिक साजिश से संबंधित धाराएं जोड़ दी गई हैं।
पुलिस द्वारा शेष राशि बरामद करने और इस वारदात में शामिल फरार सह-आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी है।
बता दें कि बीते शुक्रवार राजस्थान आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने एक इसी प्रकार की नकली आधार रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चल रहे राज्यव्यापी अभियान के तहत यह बड़ी सफलता थी। हनुमानगढ़ जिला पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में भादरा में एक अवैध आधार नामांकन केंद्र का भंडाफोड़ किया और मुख्य आरोपी कुलदीप शर्मा को मौके से गिरफ्तार किया गया।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी

