मणिपुरी संगीतकार की हत्या पर किरेन रिजिजू बोले-'नॉर्थ ईस्ट के लोग भी भारतीय, इसमें राजनीति नहीं,'
नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मणिपुर के संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की हत्या के मामले पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
किरेन रिजिजू ने पत्रकारों से बताया, "ये बहुत दुखद घटना है। विक्रम सिंह जो मणिपुर से हैं, एक संगीतकार हैं, उन्हें दक्षिणी दिल्ली के कुछ डिलीवरी बॉयज और ढाबा कर्मचारियों से रात को झगड़ा हुआ, मारपीट हुई और बाद में उनकी मौत हो गई।"
उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मामले में साउथ दिल्ली रेंज के आईजीपी और दिल्ली में स्पेशल पुलिस सेल के डीसीपी और ज्वाइंट कमिश्नर से बात की है। जो आठ लोग इसमें शामिल हैं, आठों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मणिपुर के निवासी विक्रम सिंह के परिवार के लोगों से भी पुलिस ने मुलाकात की है। बुधवार को उनके शव को मणिपुर ले जाया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पुलिस से बात करने के बाद पता चला है कि 8 लोगों का बैकग्राउंड साफ है और ये ढाबे में काम करने वाले लोग हैं। रात में शोर-शराबे को लेकर यह घटना हुई। पुलिस ने बताया है कि 2 हफ्तों के अंदर कठोर चार्जशीट दायर की जाएगी और कठोर सजा होनी चाहिए। ये 8 लोग अलग-अलग राज्यों से हैं।
वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की मौत पर तेजी से जांच कर न्याय की मांग की है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि जब भी कोई हत्या या मौत होती है तो यह नहीं देखना चाहिए कि वह किस राज्य का है।
उन्होंने कहा, "जब भी कोई हत्या होती है, मौत होती है या कोई पीड़ित होता है, तो यह क्यों देखना चाहिए कि वह किस राज्य से है? वे सभी भारतीय हैं। वे भारत के नागरिक हैं। हमारे नॉर्थ ईस्ट के लोग भी भारतीय हैं। यह राजनीति करने का विषय नहीं है। निर्णायक कार्रवाई होगी।"
उन्होंने कहा, "ढाबे में काम करने वाले लोग और खाना डिलीवर करने वाले डिलीवरी वर्कर अलग-अलग राज्यों से आए थे। रात में झगड़ा कैसे हुआ, जो भी हुआ, एक जान चली गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई। ये लोग भाग गए थे लेकिन दिल्ली पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और बहुत कम समय में उन्हें पकड़ लिया।"
उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने कहा है कि लगभग 8-10 दिन के अंदर कोर्ट में चार्जशीट दायर हो जाएगी ताकि जल्दी सजा दिलाई जा सके। उन्होंने कहा कि इसमें बहुत कठोर सजा दिलानी जरूरी है और इस घटना को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
उन्होंने कहा, "मैं चोंगथम विक्रम सिंह के परिवार के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और अपनी सहानुभूति देता हूं। साथ ही मैं आश्वासन भी देता हूं कि जो भी कार्रवाई होगी बहुत तेजी से होगी और बहुत कड़ी कार्रवाई होगी। यह कोई राजनीति का विषय नहीं है।"
--आईएएनएस
वीकेयू/पीएम

