Samachar Nama
×

नोएडा : सेक्टर 121 गढ़ी चौखंडी में पुलिस पर पथराव, अब तक 300 से अधिक गिरफ्तार

नोएडा, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा में फैक्ट्री कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन भी उग्र रूप लेता नजर आया। सेक्टर-121 स्थित गढ़ी चौखंडी इलाके में प्रदर्शनकारियों ने एक बार फिर पुलिस पर पथराव किया, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

हालात को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। जानकारी के अनुसार, सुबह के समय कुछ फैक्ट्री कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने उन्हें समझाने और रास्ता खाली कराने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई।

प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने 2-3 स्थानों पर पुलिस वाहनों को निशाना बनाते हुए पथराव किया। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति पर काबू पा लिया और उपद्रवियों को मौके से खदेड़ दिया। प्रशासन पहले से ही सतर्क था। औद्योगिक क्षेत्रों में सुबह 5 बजे से ही पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों द्वारा फ्लैग मार्च किया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके साथ ही पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

सुरक्षा कारणों से आज अधिकांश औद्योगिक इकाइयां और कंपनियां बंद रखी गई हैं। इस बीच, प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि हिंसा, आगजनी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और सार्वजनिक व निजी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई भी उनसे ही कराई जाएगी। पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है और उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस

Share this story

Tags